नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं. इनमें आरके पुरम स्थित डीपीएस स्कूल, ब्लूम पब्लिक स्कूल और एयरफोर्स स्कूल समेत कई अन्य स्कूल शामिल बताए जा रहे हैं.
आरके पुरम स्थित डीपीएस स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एहतियातन स्कूल को खाली करा दिया गया और बच्चों की छुट्टी कर दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्कूल परिसर में सुरक्षा एजेंसियों की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. फिलहाल पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही हैं. स्कूल परिसर में किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की मौजूदगी की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
कुछ दिन पहले बलराम पब्लिक स्कूल को मिली धमकी
इससे पहले दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 स्थित बलराम पब्लिक स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. धमकी भरा कॉल आने के बाद स्कूल में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय की गई थी. दिल्ली फायर सर्विस को भी मामले की सूचना दी गई थी. लगातार स्कूलों को मिल रही ऐसी धमकियों के कारण छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल परिसरों की जांच कर रही हैं.
जांच में जुटी पुलिस और सुरक्षा टीमें
आरके पुरम डीपीएस में धमकी की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची. दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीमें स्कूल परिसर की जांच कर रही हैं. अधिकारियों की ओर से सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली कराया गया है और छात्रों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

