बारां. राजस्थान के बारां जिले के अटरू-कवाई मार्ग पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बल्कर और कार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई.टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. कार में सवार चार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई.
मरने वालों में डॉक्टर दंपती भी शामिल हैं. हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. सभी को अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कवाई थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया- अटरू और कवाई के बीच सड़क पर तेज रफ्तार बल्कर और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोग बुरी तरह फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद चारों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया और कवाई चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया.
डॉक्टर दंपती और दो मासूम बच्चों की मौत
थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान मांडलगढ़ पीएमओ डॉक्टर सुरेश गजराज, उनकी पत्नी डॉक्टर शालिनी मौर्य और उनके दो बच्चों 12 वर्षीय स्वप्निल और 7 वर्षीय निलिशा के रूप में हुई है. परिवार छबड़ा से जयपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान अटरू-कवाई के बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार बल्कर से कार की भिड़ंत हो गई. हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया.
बल्कर चालक मौके से फरार
थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बल्कर चालक मौके से फरार हो गया. शवों को अटरू चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस फरार बल्कर चालक की तलाश में जुटी है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

