रायपुर. राजधानी रायपुर के बैरनबाजार इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद और जोन-8 अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर की कार पर दो अज्ञात बाइक सवारों द्वारा पथराव करने का मामला सामने आया है. पार्षद उस समय अपने परिवार के साथ गणेश झांकी देखने निकले थे. गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन हमले के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रैश ड्राइविंग को लेकर आमापारा में हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, बैरनबाजार स्थित बाठिया नर्सिंग होम के पास हुई इस वारदात की वजह पुरानी कहासुनी बताई जा रही है. घटना से कुछ देर पहले आमापारा क्षेत्र में आरोपी युवक लापरवाही से बाइक चला रहे थे. पार्षद प्रीतम ठाकुर द्वारा टोकने और समझाइश देने पर विवाद खड़ा हो गया. इसके बाद पार्षद ने दोनों युवकों को आजाद चौक थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया था. आरोप है कि पुलिस द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद नशे में धुत दोनों युवकों ने रंजिश रखते हुए पार्षद की कार का पीछा करना शुरू कर दिया.
कार रुकते ही किया हमला, समर्थकों का जमावड़ा
पार्षद जैसे ही परिवार के साथ बैरनबाजार के पास पहुंचे, आरोपियों ने कार को घेरकर अचानक पत्थरों से हमला कर दिया और फरार हो गए. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में पार्षद के समर्थक मौके पर इकट्ठा हो गए और आक्रोश व्यक्त किया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया. कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

