जबलपुर. एमपी के जबलपुर में साइबर ठगी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है. साइबर ठगों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले तीन लोगों के खाते खाली कर दिए है. पीडि़तों की शिकायतों पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
पुलिस के अनुसार विजय कुमार तिवारी उम्र 76 वर्ष निवासी जगदंबा कालोनी जानकी नगर ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह कस्टम एण्ड सेन्ट्रल एक्साइज विभाग इंदौर से सेवानिवृत्त है. 12 सितम्बर को सुबह लगभग 09 से 10 बजे के बीच मोबाइल में फेसबुक एवं यूट्यूब देख रहा था फेसबुक पर विज्ञापन दिखा जिसमें सीनियर सिटीजन पेंशनर कार्ड के विषय में बताया गया तथा कार्ड से होने वाले लाभ एवं मेडीकल शॉपिंग इत्यादि में होने वाले डिस्काउण्ट के विषय में जानकारी दी गई थी.
एक अज्ञात व्यक्ति मोबाइल नंबर धारक ने स्वयं को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पेंशनर कार्ड यूनिट से होना बताते हुये उसे कॉल कर कहा कि आपका आईसीआईसीआई बैंक पेंशनर कार्ड बन सकता है तो उसने हाँ कर दी, उक्त अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि पेशनर कार्ड की प्रकिया प्रारंभ कर दी गई है तथा 5 मिनिट में जानकारी देने के लिये कहा तथा होल्ड पर रहने भी कहा गया. कुछ समय बाद बोला कि सिस्टम पर बन रहा है 1-2 दिन लग सकते हैं कार्ड पोस्ट द्वारा आपके पते पर डाक द्वारा भेजने कहा. दिनांक 13/09/2026 को उसके द्वारा पैसे निकालने के लिये आईसीआईसीआई ए.टी.एम से ट्रांजेक्शन करने का प्रयास किया जो अपर्याप्त बैलेन्स का नोटीफिकेशन देखने के बाद ज्ञात हुआ कि उसके खाते से पैसे आहरित हुये है.
दिनांक 14/09/2026 को आईसीआईसीआई बैंक शाखा विजय नगर बैंक से स्टेटमेंट निकलवा कर देखा कि 13 सितम्बर को अलग अलग किस्तो में कुल 3 लाख 80 हजार रुपये उसके खाते से ट्रांजेक्शन हुये हैं. इसी तरह निशा रैदास उम्र 24 वर्ष निवासी कुण्डम वर्तमान पता चेरीताल कोतवाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने आनलाईन जॉब डाटा एंट्री का काम करने ग्रो इंडिया कम्पनी में 8 अगस्त को एपलाई किया था कम्पनी की तरफ से उसकी जीमेल आईडी पर जॉब के लिये मैसेज एवं उसी में आईडी पासवर्ड लॉगिन करने लाया तथा 800 डाटा एंट्री के लिये 32 हजार रूपये मिलने का मैसेज आने पर वह डाटा एंट्री का काम आनलाईन करने लगी.
ग्रो इंडिया कम्पनी की ओर से ईमेल आईडी में कहा गया आपका डाटा गलत है जिसके 6 हजार रूपये देने पड़ेंगे तभी दूसरा डाटा मिलेगा, उसके पुन: ईमेल पर मैसेज आया कि आपने आईडी लेपटाप पर लॉगिन न करके अपने मोबाइल पर लॉगिन की है जो सही नहीं है जिसके 25 हजार रूपये देने पड़ेगें, मोबाइल धारक द्वारा उसे कॉल करके कहा कि पैसे पे नहीं करने पर आगे काम नहीं मिलेगा तो उसने दिनांक 14-8-26 एवं 17-8-26 को तीन बार में फोन पे के माध्यम से कुल 31 हजार रूपये ट्रांजेक्शन किये थे जिसके बाद भी पुन: उससे 6 हजार रूपये पे करने के लिये कहा गया.
अधारताल-
श्रीमति सुजाता विश्वकर्मा उम्र 44 वर्ष निवासी न्यू कंचनपुर अधारताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 सितम्बर को अपने घर पर थी बेटी की फीस जमा करने के लिये रात लगभग 10 बजे अपने मोबाइल से अपने यूनियन बैंक के खाता का बैलेंस चैक किया तो उसके खाते में 386 रूपये बैलेंस बताया, उसने हिस्ट्री चैक की पता चला कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके खाते से अलग अलग कुल 35 हजार 249 रूपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिया है. 17 सितम्बर को यूनियन बैंक अधारताल जाकर पता किया जहां पता चला कि फोन पे के माध्यम से अलग अलग खातों में उसके खाते से पैसे ट्रांसफर हुये है. रिपोर्ट पर धारा 318(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.