जबलपुर. एमपी के जबलपुर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पार्किंग शुल्क को लेकर मरीज के परिजन और साइकिल स्टैंड कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि निर्धारित शुल्क से ज्यादा रुपए मांगे गए. नहीं देने पर गाली-गलौज की गई और एक युवक को बेल्ट से मारने की कोशिश हुई. यही नहीं आरोपियों ने पैसे यूपीआई से लेने से इनकार कर दिया. वे कैश के लिए कहते रहे.
बताया गया है कि एक युवक परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज में मरीज का हाल जानने आया था. उसने मुख्य गेट स्थित साइकिल स्टैंड में बाइक खड़ी की थी. वापस लौटने पर पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद हो गया. परिजनों का आरोप है कि 10 रुपए की 50 रुपए की राशि मांगी गई. युवक ने यूपीआई से भुगतान करने की बात कही, लेकिन स्टैंड कर्मचारियों ने नकद रुपए देने को कहा. विवाद बढऩे पर स्टैंड कर्मचारी पियूष विश्वकर्मा युवक और एक एक्टिवा सवार महिला से बहस करने लगा. इसी दौरान एक युवक ने बेल्ट उतार ली और बाइक लेकर खड़े युवक को मार दिया.
पार्किंग का निर्धारित शुल्क 10 रुपए है-
मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज की पार्किंग का निर्धारित शुल्क 10 रुपए है. वाहन निर्धारित समय से ज्यादा खड़े होने पर अतिरिक्त राशि मांगी जाती है. कुछ शिकायतों में 50 से 100 रुपए तक मांगने के आरोप भी लगाए गए हैं. परिजनों का कहना है कि पार्किंग शुल्क, समय सीमा और अतिरिक्त शुल्क की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं की गई है. पार्किंग को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आने का दावा किया जा रहा है.
डीन बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई-
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है. साइकिल स्टैंड संचालक से पूछताछ की जा रही है. जांच में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

