हरियाणा: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत, 30 घायल

हरियाणा: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत, 30 घायल

प्रेषित समय :16:46:08 PM / Thu, Sep 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सिरसा. सिरसा जिले के गांव मल्लेका के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक मजदूर घायल हो गए. दुर्घटना ऑटू हेड से पंजाब हेड की ओर मजदूरों को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रोले के बीच हुई.

ट्रोले से सीधी भिड़ंत के बाद मची चीख-पुकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे नरमा (कपास) चुनाई के लिए करीब 30 मजदूरों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही मल्लेका के पास पहुंची, सिरसा की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रोले से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई.

बाइक सवार भी आया चपेट में
हादसे के वक्त मल्लेका से ऐलनाबाद की ओर जा रहा एक मोटरसाइकिल सवार भी ट्रोले की चपेट में आ गया. ट्रोला पलटने के कारण बाइक सवार उसके नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में दो महिला मजदूरों सहित कुल पांच लोगों ने दम तोड़ दिया.

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया. ट्रॉली के नीचे दबे और सड़क पर बिखरे पड़े घायलों को तुरंत बाहर निकालकर एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-