मुंबई/ठाणे. 'भाभीजी घर पर हैं!' और 'FIR' जैसे लोकप्रिय टीवी शो से दर्शकों को हंसाने वाले 54 वर्षीय अभिनेता ईश्वर ठाकुर इन दिनों जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. गंभीर बीमारियों से जूझ रहे ईश्वर ठाकुर को हालत बिगड़ने पर ठाणे के एक अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है. इलाज के भारी-भरकम खर्च के कारण उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और मदद की गुहार लगा रहा है.
2020 से शुरू हुआ स्वास्थ्य संबंधी संकट
ईश्वर ठाकुर की बहन जयश्री ने उनकी स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि साल 2020 में कोविड लॉकडाउन से कुछ समय पहले उनके पैर में चोट लगी थी. डायबिटीज के कारण उनका यह घाव ठीक नहीं हो सका और संक्रमण पूरे शरीर में फैल गया. इसके बाद एक-एक कर अन्य अंग भी प्रभावित होने लगे. अभिनेता किडनी रोग से पीड़ित हैं और अब उनके लिवर ने भी सही तरीके से काम करना बंद कर दिया है. यह 9वां मौका है जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.
इलाज के लिए बेचना पड़ा घर, जमा-पूंजी खत्म
जयश्री ने भावुक होकर बताया, "ईश्वर मेरे बड़े भाई हैं. अस्पताल लाने के बाद से वे कोई रिस्पॉन्स नहीं दे रहे हैं. उनके इलाज में हमारी पूरी जमा-पूंजी खत्म हो चुकी है और हमें अपना घर तक बेचना पड़ा है. अब हमारे पास इलाज जारी रखने के लिए कुछ नहीं बचा है." उन्होंने यह भी साझा किया कि ईश्वर ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए कभी शादी नहीं की और बीमारी के दौरान भी वे अपने इलाज के लिए काम खोजने की कोशिश करते रहे.
टीवी इंडस्ट्री से मिली मदद, लेकिन अब भी संकट बरकार
मुश्किल समय में मनोरंजन उद्योग के कुछ लोग मदद के लिए आगे आए हैं. जयश्री के मुताबिक, 'FIR' और 'भाभीजी घर पर हैं!' के मेकर्स तथा एक्ट्रेस कविता कौशिक समेत कई सह-कलाकारों ने आर्थिक सहायता की थी, जिससे अब तक इलाज संभव हो सका. हालांकि, लंबे चले इलाज के चलते अब परिवार पूरी तरह से लाचार हो गया है और उन्हें आगे के उपचार के लिए और अधिक सहयोग की आवश्यकता है.

