भिलाई. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी है. अमलेश्वर और रानीतराई वितरण केंद्रों के अंतर्गत करीब 20 ट्रांसफार्मरों की सप्लाई रोक दी गई है.
जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली बंद
लगातार बारिश के कारण अमलेश्वर वितरण केंद्र के जमराव गांव में तीन और अमलेश्वर में एक ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति बंद की गई है. वहीं रानीतराई वितरण केंद्र के केसरा सब स्टेशन से जुड़े 11 केवी केसरा फीडर को प्रशासन के निर्देश पर बंद कर दिया गया है. इससे केसरा और बोरेंदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है.
इसके अलावा कोस्टा रिसॉर्ट, डांडेसरा, नगपुरा, गुंडरदेही, गोविंद राइस मिल, मोंगरी, मनहोरा, सांकरी और फुलझर क्षेत्र भी जलभराव से प्रभावित हैं. यहां स्थित विद्युत उपकरणों और ट्रांसफार्मरों की स्थिति पर विभागीय टीमें लगातार नजर रख रही हैं.
शिवनाथ और खारून नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर
दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी और कुम्हारी क्षेत्र के पास खारून नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों और बस्तियों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. विद्युत विभाग की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं.
अधिकारियों के अनुसार, जलस्तर सामान्य होने और विद्युत उपकरणों की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी. यदि पानी का स्तर और बढ़ता है तो सुरक्षा के लिहाज से अन्य ट्रांसफार्मरों की सप्लाई भी बंद की जा सकती है.
सीएसपीडीसीएल ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी
बारिश और बाढ़ के बीच विद्युत हादसों से बचाव के लिए सीएसपीडीसीएल ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग ने लोगों को टूटे हुए बिजली तारों, क्षतिग्रस्त खंभों और जलमग्न विद्युत उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी है.
विभाग ने मवेशियों की सुरक्षा के लिए बाड़ में करंट नहीं छोड़ने और बिजली की अनधिकृत हुकिंग से बचने की भी अपील की है. किसी भी विद्युत आपात स्थिति की जानकारी टोल-फ्री नंबर 1912 या मोर बिजली ऐप के माध्यम से देने को कहा गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

