गोबरा नवापारा. महानदी में आई बाढ़ के बीच सोमवारी बाजार पुल पर उस वक्त लोगों की भीड़ जुट गई, जब पानी के तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर आने की खबर फैली. रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले पुल पर कई लोग नदी के बहाव पर नजरें टिकाए बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए.
बताया जा रहा है कि धमतरी जिले की ओर से तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब महानदी के रास्ते गोबरा नवापारा की ओर बहकर पहुंच रही थी. इसकी जानकारी मिलते ही पुल और नदी किनारे लोगों की संख्या बढ़ने लगी.
बांस-जाली और स्थानीय जुगाड़ से बोतलें पकड़ने की कोशिश
बोतलों को पकड़ने के लिए कुछ लोग बांस में जाली लगाकर नदी के किनारे और पुल के आसपास उन्हें निकालने की कोशिश करते दिखाई दिए. वहीं कुछ लोग अन्य स्थानीय जुगाड़ का सहारा लेते नजर आए.
शराब की बोतलें पकड़ने की होड़ में कई लोग महानदी के तेज बहाव के बेहद करीब तक पहुंच गए. बाढ़ के बीच इस तरह नदी के पास जाना कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है.
तेज बहाव के बीच लापरवाही पड़ सकती है भारी
फिलहाल महानदी उफान पर है और पानी का बहाव काफी तेज बताया जा रहा है. ऐसे में नदी या पुल के किनारे खड़े होकर बहती बोतलों को पकड़ने की कोशिश करना बेहद जोखिम भरा है. थोड़ी सी चूक व्यक्ति को तेज बहाव में खींच सकती है.
सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही और नदी में बहकर आ रही बोतलों को लेकर चर्चा होती रही. इस बीच प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि बाढ़ के दौरान नदी, पुल और तेज बहाव वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद नदी के करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता है. बाढ़ के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

