दुर्ग. छत्तीसगढ़ में नया राशन कार्ड बनवाने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है. खाद्य विभाग ने राशन कार्ड से जुड़ी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है. अब पात्र लोग नया राशन कार्ड बनवाने के साथ पुराने कार्ड में नाम, पता या अन्य जानकारी में बदलाव के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
नए राशन कार्ड के आवेदन में आवेदक से परिवार से जुड़ी कई तरह की जानकारियां मांगी जा रही हैं. आवेदन के दौरान आधार नंबर, बैंक खाते की जानकारी, जाति प्रमाण पत्र समेत जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा.
करीब दो महीने से बंद थी आवेदन प्रक्रिया
जिले में नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा लगभग दो महीने से बंद थी. इसके कारण नए कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों के साथ पुराने राशन कार्ड में संशोधन कराने वालों को भी परेशानी हो रही थी. कई लोग नगर निगम और खाद्य विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे.
खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया ने बताया कि अब स्मार्ट पीडीएस 2.0 पोर्टल पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध है. आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
आवेदन में परिवार की कई जानकारियां होंगी जरूरी
नए राशन कार्ड के लिए निर्धारित आवेदन प्रारूप में करीब 40 अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी मांगी जा रही है. परिवार के मुखिया को अपनी व्यक्तिगत जानकारी के साथ परिवार से संबंधित विवरण भी देना होगा.
आवेदन में इन जानकारियों की जरूरत पड़ सकती है:
आधार कार्ड नंबर
बैंक खाता संबंधी विवरण
जाति प्रमाण पत्र
निवास प्रमाण पत्र
परिवार के सदस्यों की जानकारी
वैवाहिक स्थिति
शैक्षणिक योग्यता
गैस कनेक्शन की जानकारी
परिवार की फोटो
घर में एसी और टीवी होने की जानकारी
प्लॉट से संबंधित विवरण
गंभीर बीमारी से जुड़ी जानकारी
दस्तावेज स्कैन कर पोर्टल पर करने होंगे अपलोड
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी भी ऑनलाइन जमा करनी होगी. यही प्रक्रिया कई आवेदकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है. बड़ी संख्या में लोगों ने अपने दस्तावेजों को पहले से लेमिनेट कराकर रखा हुआ है.
स्कैनिंग से जुड़े लोगों के मुताबिक लेमिनेशन के कारण दस्तावेज स्कैन करते समय परेशानी आती है. वहीं, लेमिनेशन हटाने की कोशिश में मूल दस्तावेज खराब होने का जोखिम भी रहता है.
कांग्रेस पार्षद दल ने प्रक्रिया आसान करने की मांग उठाई
नगर निगम दुर्ग में कांग्रेस पार्षद दल के नेता संजय कोहले ने राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल करने की मांग की है. उनका कहना है कि अधिक संख्या में दस्तावेज और जानकारियां मांगे जाने से जरूरतमंद लोगों को आवेदन करने में परेशानी हो सकती है. दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में कुछ परिवार राशन कार्ड की सुविधा से वंचित भी रह सकते हैं.

