नई दिल्ली. सोशल मीडिया पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हर शनिवार को छुट्टी (5-Day Work Week) घोषित किए जाने की खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं. हालांकि, केंद्र सरकार ने गुरुवार को इन सभी दावों और सोशल मीडिया पर घूम रहे कथित गजट नोटिफिकेशन को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. सरकार का स्पष्ट कहना है कि वित्त मंत्रालय की ओर से ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है.
PIB ने किया फैक्ट चेक, वायरल नोटिफिकेशन को बताया फर्जी
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट जारी कर इस बारे में स्थिति साफ की. PIB ने बताया कि वित्त मंत्रालय (वित्तीय सेवा विभाग) के नाम से जो 'भारत का राजपत्र' (Gazette Notification) वायरल हो रहा है, वह पूरी तरह से फर्जी और नकली है. सरकार ने बैंकों में हर शनिवार अवकाश लागू करने जैसा कोई फैसला नहीं लिया है.
क्या दावा किया जा रहा था?
सोशल मीडिया पर वायरल फर्जी दस्तावेज में यह दावा किया गया था कि भारत सरकार ने पराक्रमी लिखित अधिनियम (Negotiable Instruments Act), 1881 की धारा 25 का उपयोग करते हुए, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित सभी सरकारी बैंकों में हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया गया है.
कर्मचारियों की 5-डे बैंकिंग की मांग पर चर्चा जारी
बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से मांग रही है कि हफ्ते में केवल 5 दिन ही काम काज हो और सभी शनिवार को बैंक बंद रहें.
टली 28-30 सितंबर की हड़ताल: इसी मांग को लेकर बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल की घोषणा की थी.
आईबीए और यूनियनों के बीच बैठक: हालांकि, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई वार्ता के बाद हड़ताल को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया.
बनेगी उच्चस्तरीय समिति: बैठक में यह तय किया गया कि शेष शनिवार को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक समिति गठित की जाएगी. यह समिति बैंक ग्राहकों और अन्य हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए किसी मान्य समाधान पर पहुंचने का प्रयास करेगी.
फिलहाल, बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को ही छुट्टी का नियम यथावत लागू है और सभी शनिवार को अवकाश की खबर महज अफवाह साबित हुई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

