* चंदूलाल उपाध्याय
कुछ विभूतियां ऐसी होती हैं जिनका भौतिक कद भले ही सामान्य हो, परंतु उनके कर्म, विचार और समाज-कल्याण का दायरा हिमालय जैसा विशाल होता है. वागड़ अंचल में 'भाई साहब' के नाम से अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले स्वर्गीय पं. लक्ष्मीनारायण द्विवेदी एक ऐसे ही निष्काम कर्मयोगी थे. उनके जन्मदिवस के पावन अवसर पर समूचा समाज और क्षेत्र उनके विराट कृतित्व तथा अविस्मरणीय योगदान को कृतज्ञतापूर्वक याद कर रहा है. द्विवेदी ने ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन व अखिल भारतीय औदिच्य महासभा में राष्ट्रीय पदाधिकारी के रूप में, राजस्थान ब्राह्मण महासभा में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में, अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ व राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में, संस्कृत प्रचार मंडल में सचिव के रूप में, प्रख्यात श्री मोहनखेड़ा तीर्थ में पंचाग निर्माणकर्ता एवं ज्योतिष मार्गदर्शक के रूप में कार्य किया. माँ त्रिपुरा सुंदरी के अनन्य भक्त पंडित द्विवेदी प्रति नवरात्रि त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर में ही रहकर पूजा अर्चना करते थे और 1954 से प्रारंभ यह कार्य उन्होंने मृत्युपर्यंत जारी रखा.
लिमथान स्थित भगवान परशुराम मंदिर में पूजा अर्चना की प्रक्रिया भी उन्होंने प्रारंभ की और परिसर के विकास बाबत भी नियमित प्रयास किए. जन कल्याण, जनहित, क्षेत्र के हितों से जुड़ी गतिविधियों को लेकर वे सतत सक्रिय और कार्यरत रहे. वागड़ अंचल में सैकड़ो पात्र लोगों को रोजगार से जोड़ने में भी द्विवेदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा शैक्षिक मार्गदर्शन को लेकर भी उन्होंने सतत और अनवरत प्रयास किए. क्षेत्र के प्रख्यात कर्मकांडी पंडित वासुदेव कृपाशंकर द्विवेदी व श्रीमति डाईबाई द्विवेदी के पुत्र लक्ष्मी नारायण द्विवेदी ने क्षेत्र और प्रदेश की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में सक्रिय रहे एवं विभिन्न जनकल्याण गतिविधियों का प्रभावी आयोजन किया.
* चले पगडंडी पर, बनती गई चौड़ी सड़क!
पं. लक्ष्मीनारायण द्विवेदी का समग्र जीवन जनहित और सामाजिक समरसता को समर्पित रहा. उन्होंने कभी भी संसाधनों के अभाव को सेवा के मार्ग में बाधा नहीं बनने दिया. राजकीय सेवा में रहते हुए उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सभी वर्ग के लोगों की कठिनाइयों का त्वरित समाधान किया. गाँव-गाँव में उनकी व्यक्तिगत पकड़ और लोकप्रियता ऐसी थी कि हर व्यक्ति का नाम उनकी जुबान पर सदैव याद रहता था.
* समाज उत्थान और वागड़ में एकता का सूत्रपात
राजस्थान ब्राह्मण महासभा के माध्यम से उन्होंने बाँसवाड़ा और डूंगरपुर के समग्र समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया. औदिच्य छात्रावास के लिए अत्यंत नाममात्र की राशि में भूमि उपलब्ध करवाना हो, 200 से अधिक आजीवन सदस्य बनाना हो, या परसोलिया धाम पर भव्य सम्मेलन आयोजित करना—हर कार्य में उनका समर्पण अतुलनीय था. समाज के कार्यक्रमों एवं आयोजनों के लिए वे किसी से चंदा या रसीद काटने के बजाय स्वयं के खर्च पर व्यवस्था करने में विश्वास रखते थे. भगवान परशुराम और आदि शंकराचार्य जयंती के सार्वजनिक आयोजनों को मुख्य धारा में लाने तथा परशुराम मंदिर जीर्णोद्धार व निष्कलंक बेणेश्वर धाम के कार्यों में भी उनकी अग्रिम भूमिका रही.
* अध्यात्म, ज्योतिष और लोक-कल्याण
पं. द्विवेदी माँ त्रिपुरा सुंदरी के अनन्य साधक थे. वर्ष 1954 से लगातार नवरात्रि अनुष्ठान और पाठ-पूजा से उन्होंने ज्योतिष एवं कर्मकांड का जो गहन ज्ञान अर्जित किया था, उसका उपयोग उन्होंने कभी व्यावसायिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि आमजन की आधिदैविक, आधिभौतिक एवं आध्यात्मिक उलझनों को दूर करने के लिए निःस्वार्थ भाव से किया.
* अक्षुण्ण स्मृतियों का पावन उपहार
उनके देवलोकगमन के उपरांत उनकी जनसेवा को चिरस्थायी रूप देने हेतु राजस्थान ब्राह्मण महासभा, बाँसवाड़ा द्वारा 'छोटे कद का बड़ा आदमी' शीर्षक से स्मृति ग्रंथ का प्रकाशन किया गया. इसमें उनके साथ काम कर चुके सहकर्मियों, विचारकों और सहयोगियों के संस्मरण संकलित हैं.
श्री द्विवेदी की पत्नी श्रीमती कमला द्विवेदी उनकी विभिन्न जनकल्याण व सामाजिक गतिविधियों में पूर्ण सहयोगी रही और उन्होंने पारिवारिक व्यवस्थाओं का बेहतर प्रबंधन किया. श्री द्विवेदी के बड़े पुत्र प्रदीप द्विवेदी वरिष्ठ राष्ट्रीय पत्रकार है और उनके छोटे पुत्र निरंजन द्विवेदी राज्य शिक्षा सेवा अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं. उनकी बड़ी पुत्री श्रीमती नलिनी त्रिवेदी गृहिणी है एवं छोटी पुत्री श्रीमती लतिका त्रिवेदी राज्य शिक्षा सेवा अधिकारी के रूप में कार्य कर रही है. उनके जन्मदिवस पर उनके दिखाए सेवा-मार्ग, आदर्शों और संस्कारों को आत्मसात करना ही इस महान व्यक्तित्व के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है. उनके पदचिन्ह आज भी हर समाज-सेवी को निष्काम भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं!
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

