बिहार: मोतिहारी में तालाब में डूबने से 4 बच्चों की मौत:जिउतिया पर्व पर नहाने के दौरान हादसा

बिहार: मोतिहारी में तालाब में डूबने से 4 बच्चों की मौत:जिउतिया पर्व पर नहाने के दौरान हादसा

प्रेषित समय :19:00:42 PM / Fri, Oct 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मोतिहारी. बिहार के मोतिहारी में जिउतिया स्नान के दौरान तालाब में डूबने से 4 बच्चों की मौत हो गई है. मृतकों की पहचान सोनामति (13), फूलमती (10), सोनाली (10), प्रतिमा (12) के रूप में हुई है. सोनामति और फूलमती आपस में बहनें थीं. दोनों बहनें पड़ोसियों के साथ नहाने गई थीं.

बताया जा रहा है कि जिउतिया पर्व को लेकर पड़ोस के बच्चों के साथ तालाब में स्नान करने गए थे. नहाने के दौरान चारों बच्चे गहने पानी में चले गए. बच्चों को डूबता देख महिलाओं ने शोर मचाया. गांव के लोग जब तक तालाब के पास पहुंचे बच्चे डूब चुके थे. गांव के गोताखोरों ने 4 बच्चों को तालाब से निकाला और पहाड़पुर के मुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए. यहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया.

मृतका सोनामति की मां ने बताया कि दोनों बहन सुबह घर से खाना खाकर निकली थी. उन्होंने कहा था कि पड़ोस की लड़कियों के साथ खेलने जा रही है. कुछ देर बाद सूचना मिली कि नहाने के दौरान 4 बच्ची तालाब में डूबी गई है. हल्ला सुनकर मैं भी मौके पर पहुंची. वहां जाकर पता चला कि मेरी भी दोनों बेटी डूब गईं हैं. आसपास के लोग सभी को तालाब से ढूंढकर बाहर निकाले और दौड़कर सभी को हॉस्पिटल गए, जहां पर डॉक्टर ने जांच पर कहा कि सभी की मौत हो गई है. बच्चियों की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया.

नहाने के दौरान गढ्ढे में चली गई बच्चियां

दोनों सगी बहन सोनमती और फूलमती के पिता प्रमोद महतो ने बताया कि घर से कुछ दूरी पर तालाब है. इसी तालाब में पड़ोस की बच्चियों के साथ मेरी बेटी भी नहाने चली गई. नहाने के दौरान चारों बच्चियां गढ्ढे में चली गई और डूबने लगी. साथ में नहा रही एक बच्ची ने शोर मचाते गांव में आई. फिर लोग तालाब के पास पहुंचे और बच्चियों की तलाश की. करीब आधे घंटे तक तलाश के बाद शव खुद ऊपर आया तो हमलोग उसे लेकर हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया.

मौके पर पहुंचे अधिकारी

स्थानीय सुशील सिंघम की सूचना पर पहाड़पुर पुलिस ग्रामीणों संग मौके पर पहुंची. इसके बाद बीडीओ अखिलेश कुमार, सीओ रामसेवक पासवान और विधायक राजू तिवारी के भाई रतन तिवारी ने घटनास्थल का दौरा किया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-