सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शुक्रवार-शनिवार की देर रात एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बैढऩ से शासन की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अंधे मोड़ के पास पहुंचकर अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधा 100 फीट नीचे नदी में जा गिरी.
स्थानीय लोगों की सूचना और पुलिस पेट्रोल टीम ने तत्काल पुलिस बल बुलाकर रस्सी के माध्यम से कार में सवार पांचों लोगों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल लेकर आए. सभी लोग सुरक्षित हैं बताए जा रहे हैं. अगर समय रहते कार सवारों को नदी से बाहर नहीं निकाला जाता तो जानहानि भी हो सकती थी.
तेज रफ्तार कार मयार नदी में समाई
दरअसल पूरी घटना सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शासन के मयार नदी पुल के पास की है. जहां शुक्रवार-शनिवार की देर रात 1:00 बजे कार में सवाल होकर पांच लोग बैढऩ से शासन की ओर जा रहे थे. उस वक्त कार की रफ्तार बहुत तेजी में थी. सामने अंधा मोड था जहां कार अनियंत्रित होकर 100 फीट नीचे मयार नदी में जा गिरी.
आधी रात को रेस्क्यू, बचाई 5 जान
राहत की बात यह रही कि जैसे ही यह हादसा हुआ वहां से पुलिस की पेट्रोलिंग टीम गुजर रही थी. जिसने तत्काल पुलिस को सूचना दी. बल बुलाकर रस्सी और अन्य माध्यम से नदी में गिरे कार सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पांचों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. जहां वह सुरक्षित हैं. पुलिस के अनुसार यह हादसा ड्राइवर के नींद आने की वजह से हुआ है. साथ ही कार की रफ्तार भी बहुत अधिक थी. घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें साफ दिख रहा है कि कार नदी में पूरी तरह अंदर चली गई थी.
कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि, देर रात हमें हादसे की सूचना मिली थी. यह गाड़ी शुक्रवार- शनिवार की देर रात 1 बजे के लगभग बैढऩ से शासन की ओर जा रही थी. उसी समय तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार यह वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी, जिसमें पांच लोग सवार थे. सभी को बचा लिया गया है. फिलहाल पुलिस इस हादसे का कारण जानने में जुटी हुई है. हादसे के दौरान घटना स्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. लोग अपने वाहन खड़े करके रेस्क्यू को देखते रहे. इस दौरान ट्रैफिक जाम के भी हालात बने.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


