जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अपराधियों के हौसले इन दिनों सातवें आसमान पर हैं. शहर में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ बदमाशों ने महज कुछ ही घंटों के भीतर वारदातों को अंजाम देकर पुलिस गश्त के दावों की पोल खोल दी है. पनागर और लार्डगंज थाना क्षेत्रों में हुई इन दो सनसनीखेज लूट की घटनाओं ने आम नागरिकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं.
पनागर थाना क्षेत्र-
पनागर में आयुष वंशकार (उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम रैपुरा आरपीजी फैक्ट्री में काम करता है. वह 1 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे अपने साथी अर्जुन केवट (निवासी ग्राम देवरी) के साथ अपने मामा आदर्श अरखेल के यहां प्रेम सागर, जबलपुर गया था. वहां से वे अपने बड़े पापा के लड़के की एक्सिस स्कूटी लेकर मार्बल सिटी घूमने गए थे. वापसी में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच, जैसे ही वे मुडिया बाईपास के पास पहुंचे, अचानक सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 से 4 बदमाश आ धमके. बदमाशों ने आते ही गालियां देना शुरू किया और डरा-धमकाकर जबरदस्ती उसकी जेब से 500 रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल छीन लिया. इतना ही नहीं, उनकी एक्सिस स्कूटी भी लूटकर सिहोरा की ओर फरार हो गए. इस मामले में पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है.
चलती स्कूटी से चाबी निकालकर डिलीवरी ब्वाय पर चाकू अड़ाया-
स्विगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करने वाला रितिक लोधी (उम्र 26 वर्ष, निवासी गंगा सागर, गढ़ा रात करीब 11.45 बजे रितिक अपनी ड्यूटी खत्म कर गंगा सागर लौट रहा था. आदि प्लाजा के सामने डिलीवरी देने के बाद जब वह अपनी एक्सिस स्कूटी से आगे बढ़ा, तो नेचुरल जूस सेंटर के पास बिना नंबर की एक अन्य एक्सिस स्कूटी पर सवार तीन संदिग्ध युवक (उम्र 20 से 25 वर्ष) उसका पीछा करने लगे. शातिर बदमाशों ने चलती गाड़ी के दौरान ही झपट्टा मारकर रितिक की स्कूटी की चाबी निकाल ली. जैसे ही रितिक ने घबराकर गाड़ी रोकी, बदमाशों ने बिना एक पल गंवाए जानलेवा चाकू निकाल लिए. अपनी जान बचाने के लिए सहमा हुआ रितिक किसी तरह दौड़कर पास की एक अंडे की दुकान के पास छिपा. इस बीच, बेखौफ बदमाश उसकी स्कूटी लेकर एमआर-4 रोड की तरफ हवा हो गए. इस बीच बदमाश स्कूटी लेकर भाग निकले, जिसमें जिसमें 4,328 रुपये नकद भी थे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

