लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में बड़ा बदलाव हुआ है. बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाया है. आपको बता दें कि इससे पहले मायावती ने उन्हें इसी पद से हटाकर पार्टी से बाहर किया था. अब आकाश की बसपा में वापसी हो गई है.
मायावती बोलीं- पार्टी के हित में फैसला, काम करने के तरीके में बदलाव
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि पार्टी ने काफी सोच-विचार के बाद ये फैसला लिया है. ये फैसला पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित में लिया गया है. बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि आकाश का व्यक्तित्व पहले भी काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ ऐसी बातें सामने आईं, जिनके कारण पार्टी संगठन में कई बदलाव करने पड़े. उनके मुताबिक आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद आकाश के व्यवहार और काम करने के तरीके में बदलाव देखा गया है.
आकाश ने सोशल मीडिया पर मांगा था मौका
एक्स पर पोस्ट में मायावती ने आकाश आनंद के हाल ही के सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया. आकाश ने मायावती से दोबारा पार्टी में काम करने का मौका मांगा था और कहा था कि बीएसपी उनके लिए सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि परिवार है. उन्होंने मायावती के प्रति अपनी निष्ठा भी जताई थी.
पार्टी नेताओं ने किया वापसी का समर्थन
मायावती ने कहा कि पार्टी के ज्यादातर लोगों की राय थी कि आकाश के अनुरोध को स्वीकार कर उन्हें फिर काम करने का मौका दिया जाए. आकाश के पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस फैसले पर सहमति जताई. मायावती के मुताबिक ईशान आनंद ने कहा कि वे बिना किसी पद के भी पार्टी में उनके दिशा-निर्देशन में जो जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे.
बार-बार बदलाव नहीं होने की उम्मीद
बसपा प्रमुख मायावती ने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब पार्टी में काम सुचारू तरीके से चलेगा और संगठन में बार-बार बदलाव नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने साफ कहा कि आगे काफी कुछ आकाश आनंद पर भी निर्भर करेगा.
मायावती ने आकाश और परिवार को दिया आशीर्वाद
बसपा सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को उनके राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. साथ ही आकाश के छोटे भाई ईशान आनंद और पिता आनंद कुमार को भी अपना प्यार और आशीर्वाद दिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


