एलन मस्क ने कमाई का बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 1 दिन में कमाए 6.26 लाख करोड़ रुपए

एलन मस्क ने कमाई का बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 1 दिन में कमाए 6.26 लाख करोड़ रुपए

प्रेषित समय :19:29:41 PM / Tue, Oct 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

न्यूयॉर्क. दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी और टेक दिग्गज एलन मस्क ने दौलत की दुनिया में एक बार फिर नया इतिहास रच दिया है. टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में आई तूफानी तेजी के दम पर मस्क की कुल संपत्ति एक बार फिर एक ट्रिलियन डॉलर (खरबपति) के आंकड़े को पार कर गई है. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को महज 24 घंटे के भीतर मस्क की दौलत में रिकॉर्ड 65 बिलियन डॉलर (करीब 6.26 लाख करोड़ रुपये) का भारी-भरकम इजाफा हुआ, जिससे उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर 1.04 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है.

3 महीने में दूसरी बार 13 अंकों (ट्रिलियन) में पहुंची मस्क की नेटवर्थ

यह पिछले तीन महीनों में दूसरा मौका है जब 55 वर्षीय एलन मस्क की कुल संपत्ति 13 अंकों यानी ट्रिलियन डॉलर के जादुई क्लब में दाखिल हुई है. इससे पहले जून में जब स्पेसएक्स का ऐतिहासिक आईपीओ बाजार में आया था, तब मस्क इतिहास में पहली बार दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बने थे. हालांकि, कंपनी के अत्यधिक वैल्यूएशन को लेकर उपजी चिंताओं के चलते शेयरों में भारी बिकवाली आई थी और जुलाई के अंत तक मस्क की दौलत में 600 बिलियन डॉलर से अधिक की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई थी. अब शेयरों में जबरदस्त बाउंसबैक के बाद मस्क ने न केवल अपनी खोई हुई दौलत वापस हासिल कर ली है, बल्कि फिर से खरबपति का ताज पहन लिया है.

अकेले मस्क की बढ़त बेजोस और लैरी पेज की कुल संपत्ति से भी ज्यादा

मौजूदा साल में एलन मस्क की कमाई की रफ्तार ने दुनिया भर के अर्थशास्त्रियों को हैरान कर दिया है. साल 2026 में अब तक मस्क की कुल संपत्ति में 589 बिलियन डॉलर (120 फीसदी) का जबर्दस्त इजाफा दर्ज किया जा चुका है. मस्क की सिर्फ इस साल की कमाई का पैमाना कितना विशाल है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया के दूसरे और तीसरे सबसे अमीर शख्स— लैरी पेज और जेफ बेजोस की कुल नेटवर्थ को भी जोड़ दिया जाए, तो वह लगभग 571 बिलियन डॉलर बैठती है. यानी मस्क ने अकेले इस साल जितना कमाया है, वह इन दोनों दिग्गजों की पूरी जिंदगी की कुल पूंजी से भी अधिक है.

स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में बंपर उछाल

ब्लूमबर्ग वेल्थ इंडेक्स के मुताबिक, मस्क की 98 फीसदी से अधिक दौलत स्पेसएक्स और टेस्ला में उनकी हिस्सेदारी पर निर्भर करती है. सोमवार को स्पेसएक्स के शेयरों में 7.63 प्रतिशत और टेस्ला के शेयरों में 2.20 प्रतिशत की जबर्दस्त तेजी देखने को मिली. अकेले अक्टूबर के चंद दिनों में ही स्पेसएक्स 13.4 फीसदी और टेस्ला 7.64 फीसदी उछल चुके हैं. वैश्विक ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली के विश्लेषकों द्वारा स्पेसएक्स को स्पेस और इंटेलिजेंस सेक्टर की संभावनाओं को भुनाने का सबसे किफायती जरिया बताए जाने के बाद निवेशकों का भरोसा चरम पर पहुंच गया. वहीं, टेस्ला द्वारा तीसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर बिक्री आंकड़े पेश किए जाने से भी मस्क की कंपनियों के शेयरों को जबरदस्त रफ्तार मिली है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-