जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गुप्तेश्वर निवासी युवक की यामाहा आर 15 बाइक जमघट होटल से चोरी हो गई. घटना देर रात करीब 12 बजे की है. विकास विश्वकर्मा ने मदन महल थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद दोस्तों के साथ बाइक की तलाश शुरू की. तीन पत्ती चौक के पास उन्हें बाइक के साथ संदिग्ध व्यक्ति मिला, जिसे युवकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
बताया गया है कि विकास विश्वकर्मा अपने दोस्तों के साथ जमघट होटल में खाना खाने गया था. इस दौरान विकास ने अपनी मोटर साइकल याम्हा आर 15 को होटल के बाहर पार्क किया था. इस दौरान बदमाश बाइक चोरी कर भाग निकले. विकास साथियों के साथ बाहर आए, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जब देखा कि बाइक अपनी जगह पर नहीं है. आनन-फानन में मदन महल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई, शिकायत दर्ज कराने के बाद विकास और उनके दोस्तों ने जबलपुर की सड़कों पर ऐसा सर्च ऑपरेशन चलाया.
जो किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं था. छोटी ओमती, ओमती थाना क्षेत्र, बस स्टैंड और शहर के हर कोने-कोने की खाक छानी गई. तलाश करते हुए विकास व उसके दोस्त तीन पत्ती चौक के पास पहुंचा, तो विकास की आंखें फटी की फटी रह गईं. भीड़भाड़ के बीच बाइक नजर आई और उसके साथ एक संदिग्ध शख्स भी खड़ा था, जो शायद किसी और वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. फिर क्या था, युवाओं ने बिना एक पल गंवाए घेराबंदी कर चोर को दबोच कर पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

