-डॉ संगीता अजय पांडेय
हिन्दू मान्यताओं के अनुसार इस समय भगवान विष्णु शयन में हैँ और भगवान शिव उनके कार्य को संभाल रहे हैँ. वैसे भी शिव की महिमा और हमारे देश में बारह ज्योतिर्लिंगों का महत्व किसी विशेष समय की प्रतीक्षा नहीं करते बल्कि बारहो महीने उनके नाम और उनकी भक्ति में भारतीय जनमानस लीन रहता है. देश में भगवान शिव के कई प्रसिद्ध मंदिर भी हैं. और उन्हीं में से एक है बाबा लिंगराज का मंदिर.
ऐसी लोक-मान्यता है कि इस मंदिर के शिखर पर वही शिव-धनुष का एक अंश स्थित है, जिसे सीता स्वयंवर के समय प्रभु श्री रामचंद्र जी ने तोड़ा था. लिंगराज मंदिर ओडिशा की एक महान कीर्ति है. यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि ओडिशा के जितने भी मंदिर हैं, उनमें लिंगराज मंदिर अन्यतम है. हरिहर को समर्पित यह मंदिर आस्था, स्थापत्य और संस्कृति का अद्भुत संगम है.
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
ओडिशा भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि है. इसी प्रदेश की राजधानी भुवनेश्वर प्राचीन काल से ही आस्था का केंद्र रही है. ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार, यह मंदिर लगभग एक हजार वर्ष पूर्व राजा ययाति केशरी, अनंत केशरी और ललाटेंदु केशरी के शासनकाल में निर्मित हुआ था. यह मंदिर कलिंग शैली का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है.
स्थापत्य कला की विलक्षणता
लिंगराज मंदिर का लगभग 180 फीट (55 मीटर) ऊँचा शिखर आमलक पत्थर से आच्छादित है और उसके ऊपर कलश स्थापित है. मंदिर की निर्माण प्रणाली और सूक्ष्म कारीगरी को देखकर हर कोई आश्चर्यचकित रह जाता है.
मंदिर को चार भागों में विभक्त किया गया है :
1. श्री मंदिर
2. जगमोहन
3. नाट्यमंडप
4. भोगमंडप
यह एक प्राचीन मंदिर है. इसके निर्माण के समय आधुनिक यंत्रों, वैज्ञानिक ज्ञान-कौशल या परिवहन के साधनों का विकास नहीं हुआ था. यह आज भी अविश्वसनीय लगता है कि इतना विशाल मंदिर कैसे बना. मंदिर के निर्माण में उपयोग किए गए विशाल पत्थर कहाँ से लाए गए और इतनी ऊँचाई तक कैसे पहुँचाए गए, इसका रहस्य आज भी वैज्ञानिकों को चकित करता है.
मंदिर में भगवान शिव की आराधना की परंपरा बहुत प्राचीन है. यहाँ प्रतिष्ठित शिवलिंग को स्वयंभू माना जाता है.
हरिहर स्वरूप की विशेषता
लिंगराज मंदिर की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इसका हरिहर स्वरूप है. 'हर' भगवान शिव का और 'हरि' भगवान विष्णु का नाम है. इसलिए 'हरिहर' नाम शिव और विष्णु के समन्वित स्वरूप का प्रतीक है. शैव और वैष्णव परंपराओं का यह सुंदर मेल हमारी संस्कृति की उस भावना को दर्शाता है, जिसमें विभिन्न धार्मिक परंपराएँ एक-दूसरे का सम्मान करते हुए साथ चलती हैं.
'लिंगराज' का अर्थ है - लिंगों के राजा. यहाँ भगवान शिव की आराधना लिंगराज के रूप में की जाती है. उन्हें त्रिभुवनेश्वर के नाम से भी जाना जाता है और भुवनेश्वर शहर का नाम भी इसी परंपरा से जुड़ा है.
मुख्य मंदिर के चारों ओर लगभग 150 छोटे-बड़े मंदिर स्थित हैं. दक्षिण दिशा में श्री गणेश, पश्चिम में कार्तिकेय और उत्तर में माता पार्वती की विशाल मूर्तियाँ हैं. मंदिर की दीवारों पर इंद्र, अग्नि, यम, वरुण, वायु, कुबेर, शिव-विवाह, रामायण, महाभारत, नृत्यांगनाओं और पशु-पक्षियों की सूक्ष्म नक्काशी देखने योग्य है. ये कलाकृतियाँ केवल सजावट नहीं, बल्कि उस समय की कला और जीवन-दृष्टि की झलक हैं.
उत्सव और परंपराएँ
श्री लिंगराज मंदिर में वर्ष भर कई उत्सव मनाए जाते हैं, जिनमें प्रमुख हैं :
प्रवरण (मार्गशीर्ष), पुष्याभिषेक (पौष), मकर संक्रांति और माघ सप्तमी (माघ), शिव चतुर्दशी (फाल्गुन), दमनक चतुर्दशी (चैत्र), परशुरामाष्टमी और शयन चतुर्दशी (आषाढ़), पवित्रारोपण (श्रावण) तथा उत्थापन चतुर्दशी (कार्तिक).
मंदिर के बाहर मनाए जाने वाले प्रमुख उत्सवों में दोल पूर्णिमा, अशोकाष्टमी रथ यात्रा (चैत्र शुक्ल अष्टमी), चंदन यात्रा, शिव विवाह और दुर्गाष्टमी उल्लेखनीय हैं. हर साल अशोकाष्टमी पर भगवान लिंगराज की रुकुणा रथ यात्रा बड़े हर्षोल्लास से निकाली जाती है.
पवित्र सरोवर
भुवनेश्वर में मंदिरों के साथ-साथ कई प्राचीन तालाब भी हैं. इन तालाबों के जल से ही भगवान लिंगराज का जलाभिषेक होता है. बिंदुसागर, पापनाशिनी कुंड, गौरी कुंड, राम कुंड, कोटि तीर्थ कुंड और गंगा-यमुना कुंड जैसे सरोवरों को पवित्र मानकर भक्त इनमें स्नान करते हैं.
भुवनेश्वर का लिंगराज मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं है, बल्कि हमारी कला, संस्कृति और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण केंद्र भी है. यह मंदिर लगभग 4.51 एकड़ भूमि में फैला हुआ है. 8 फीट व्यास के गोलाकार पत्थर के रूप में विराजमान प्रभु लिंगराज के दर्शन के लिए सदियों से श्रद्धालु यहाँ आते रहे हैं.
लिंगराज मंदिर की भव्यता केवल उसके पत्थरों में नहीं, बल्कि उन भावनाओं में भी है जो सदियों से श्रद्धालुओं को यहाँ खींच लाती रही हैं. निस्संदेह, यह भारतीय सनातन परंपरा, कला और संस्कृति की एक जीवंत धरोहर है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

