लखनऊ. पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट गुरुवार को खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई. घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. बिजली गिरने के कारण विमान के आगे के हिस्से में नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलट ने स्थिति को संभालते हुए फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई.
हवा में हुआ लाइटनिंग स्ट्राइक
इंडिगो की फ्लाइट 6E-925 पटना से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी. लखनऊ के आसपास पहुंचने के दौरान मौसम खराब था. इसी बीच विमान पर अचानक बिजली गिरी. तेज लाइटनिंग स्ट्राइक के बाद विमान के नोज कोन में नुकसान की जानकारी सामने आई.
घटना के बाद कुछ समय के लिए विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू के बीच चिंता की स्थिति बनी, हालांकि पायलट ने तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत विमान को नियंत्रित रखा.
पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई सुरक्षित लैंडिंग
तकनीकी नुकसान के बावजूद फ्लाइट की उड़ान जारी रही और विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया.
फ्लाइट में 104 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है.
लैंडिंग के बाद विमान को किया गया ग्राउंड
सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए इस्तेमाल नहीं किया गया. सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विमान को ग्राउंड कर दिया गया.
इस विमान को आगे लखनऊ से अहमदाबाद जाना था, लेकिन नोज कोन में तकनीकी क्षति सामने आने के बाद इसकी उड़ान रद्द कर दी गई. यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई.
विमान की तकनीकी जांच शुरू
घटना की जानकारी विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए को भी दी गई है. इसके बाद विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है.
इंजीनियरों की टीम विमान के आगे के हिस्से के साथ-साथ एवियोनिक्स और दूसरे महत्वपूर्ण सिस्टम की जांच कर रही है. विमान की जरूरी मरम्मत पूरी होने और उसकी तकनीकी फिटनेस सुनिश्चित किए जाने के बाद ही उसे दोबारा यात्री सेवा में उतारा जाएगा.
बड़ा हादसा टला
आकाशीय बिजली का विमान से टकराना विमानन क्षेत्र में असामान्य घटना नहीं है, क्योंकि आधुनिक यात्री विमानों को ऐसी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाता है. हालांकि, लाइटनिंग स्ट्राइक के बाद विमान की तकनीकी जांच जरूरी होती है.
इस मामले में पायलट की सतर्कता और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन के चलते विमान को सुरक्षित एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

