रेलवे का बड़ा फैसला : आज दोपहर 2 बजे के बाद देश भर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनें रद्द रहेंगी

रेलवे का बड़ा फैसला : आज दोपहर 2 बजे के बाद देश भर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनें रद्द रहेंगी

प्रेषित समय :13:30:28 PM / Fri, Oct 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. दिल्ली में काकरोच जनता पार्टी के 10 अक्टूबर से एक बड़े प्रदर्शन की आशंका के बीच रेलवे ने सबसे चौंकाने वाला और अप्रत्याशित कदम उठाया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कई दिनों से चल रहे धरने और 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी' द्वारा दिए गए दिल्ली घेराव के राष्ट्रव्यापी आह्वान के मद्देनजर, रेलवे बोर्ड ने देश भर से नई दिल्ली और हजरत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली दर्जनों प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को अचानक रद करने का आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश में जबबलपुर से चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस व संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है.

देश के सभी जोन को जारी हुआ पत्र

आधिकारिक परिपत्र में हालांकि स्टेशनों के आसपास भीषण सड़क यातायात जाम को इसका आधार बताया गया है, किंतु जानकारों का मानना है कि यह पूरा कदम 10 अक्टूबर को देश भर से राजधानी कूच करने वाले हजारों-लाखों प्रदर्शनकारियों के प्रवेश को रोकने की एक सुनियोजित प्रशासनिक चक्रव्यूह रचना है। इस एकतरफा फैसले ने पूरे देश के रेल नेटवर्क में भारी उथल-पुथल मचा दी है।

सुबह 8:51 बजे रेलवे बोर्ड का गोपनीय सर्कुलर

रेलवे बोर्ड के आंतरिक संदेश नेटवर्क पर शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 की सुबह ठीक 8:51 बजे कोचिंग निदेशालय एक अत्यंत गोपनीय व उच्च प्राथमिकता वाला निर्देश देश के सभी जोनल रेलवे को प्रेषित किया गया। यह पत्र सभी जोनल रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधकों और मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधकों को सीधे भेजा गया था।

संभावित सड़क यातायात जाम के मद्देनजर फरमान

रेलवे बोर्ड के प्रधान कार्यकारी निदेशक/कोचिंग द्वारा जारी पत्र संख्या PED/2026/10/05 में सीधे शब्दों में फरमान सुनाया गया है कि 10 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजऱत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाकों में संभावित भीषण सड़क यातायात जाम को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि आज, 9 अक्टूबर 2026 को दोपहर दो बजे के बाद अपने प्रारंभिक स्टेशनों से शुरू होने वाली वे सभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें, जो 10 अक्टूबर को प्रात: 04:00 बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली अथवा हजऱत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थीं, उन्हें स्रोत से ही निरस्त कर दिया जाए।

रेलवे का इमीडिएट एक्शन

यह आदेश सामान्य परिचालन आदेश नहीं था, बल्कि इसे इमीडिएट एक्शन श्रेणी में रखा गया, जिससे दोपहर 2 बजे से पहले ही देश भर के टर्मिनल स्टेशनों पर गाडिय़ों को रोकने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

पर्दे के पीछे जनसैलाब रोकने की व्यूहरचना

रेलवे प्रशासन ने दस्तावेजी तौर पर इसे केवल स्थानीय ट्रैफिक जाम और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया है। मगर प्रशासनिक और खुफिया गलियारों की असलियत कुछ और ही बयां कर रही है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस को एक इनपुट भेजा था, जिसमें बताया गया था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे धरने को समर्थन देने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में लोग संगठित होकर दिल्ली आ रहे हैं।

पमरे से प्रारंभ होने वाली निम्नलिखित तीन ट्रेनें निरस्त

1) गाड़ी संख्या 22181 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस 
2) गाड़ी संख्या 12189 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन महाकौशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 
3) गाड़ी संख्या 12121 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन एमपी संपर्कक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-