जबलपुर. इटारसी से जबलपुर के बीच ट्रेन में यात्री का कीमती एप्पल आईफोन-15 चोरी करने वाले वेंडर को जीआरपी जबलपुर ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 71,600 रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया है. चोरी की यह वारदात करीब पांच महीने पहले हुई थी.
जीआरपी के मुताबिक, जबलपुर थाने में दर्ज अपराध की जांच के दौरान आरोपी आलोक दोहरे (19), पिता प्रेमनारायण दोहरे, निवासी ग्राम पीला झंडा, थाना मेहगांव, जिला भिंड से पूछताछ की गई. इस दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की. वह ट्रेन में वेंडर का काम करता था. करीब पांच महीने पहले जबलपुर स्टेशन पर भीड़भाड़ के दौरान उसने एक यात्री की पैंट की जेब से आईफोन-15 चोरी कर लिया था.
सिम लगाकर कर रहा था मोबाइल का इस्तेमाल
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल में उसने अपनी सिम लगाकर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था. पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की. इसके बाद पूछताछ में आरोपी ने चोरी किया गया मोबाइल पेश कर दिया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.
इस कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, प्रधान आरक्षक कृष्णकांत तिवारी और प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की है.