जबलपुर में गोदाम में लगी भीषण आग, रांझी क्षेत्र में घटना से मचा हड़कम्प

जबलपुर में गोदाम में लगी भीषण आग, रांझी क्षेत्र में घटना से मचा हड़कम्प

प्रेषित समय :15:46:48 PM / Mon, Oct 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रांझी स्थित सीओडी-करौंदी मार्ग पर सोमवार सुबह 8.30 बजे के लगभग हड़कंप मच गया, जब टैगोर पब्लिक स्कूल परिसर से ठीक सटे एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. यह गोदाम संवेदनशीलता के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण केंद्रीय आयुध भंडार (सीओडी) से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित था.

 बताया गया है कि कैंट बोर्ड द्वारा संचालित इस विद्यालय में करीब 750 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं और रोज की तरह सुबह 9.00 बजे बच्चों का आगमन शुरू होने वाला था. स्कूल खुलने से ठीक आधा घंटा पहले उठी तेज लपटों ने आसपास के इलाके में दहशत फैला दी. गोदाम की दीवार एक तरफ स्कूल की बाउंड्री से, तो दूसरी तरफ सेना के डिपो से जुड़ी हुई थी. खतरे की गंभीरता को देखते हुए पूर्व कैंट बोर्ड सदस्य राजीत यादव ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर तुरंत मोर्चा संभाला.

उन्होंने बिना वक्त गंवाए नगर निगम और रक्षा प्रतिष्ठान सीओडी के अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही नगर निगम और सीओडी की फायर ब्रिगेड गाडिय़ाँ मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पानी की बौछारें शुरू कीं. समय पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई और स्थानीय लोगों की मदद से आग को चारों तरफ फैलने से पहले ही पूरी तरह बुझा दिया गया. यदि आग कुछ मिनट और भड़कती, तो स्कूल और सैन्य प्रतिष्ठान दोनों के लिए बड़ा खतरा बन सकती थी. समय रहते उठाए गए इन ठोस कदमों से एक भयावह त्रासदी टल गई और जान-माल का बड़ा नुकसान होने से बच गया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-