जबलपुर. एमपी के जबलपुर में तेवर भेड़ाघाट मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पास आज नवरात्र के अवसर पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे एक परिवार की नई कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 70 फीट गहरी खाई में जा गिरी. इस दुर्घटना में कार सवार दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
बताया गया है कि जबलपुर का एक परिवार नवरात्र के पावन पर्व पर अपनी नई कार की पूजा-अर्चना और दर्शन करने त्रिपुर सुंदरी मंदिर पहुंचा था. मंदिर परिसर के समीप जब चालक कार को पार्क कर रहा था, तभी अचानक वाहन से उसका नियंत्रण हट गया. कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से सीधे खाई की ओर ढलान पर फिसलने लगी. गाड़ी को गिरता देख एक व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर छलांग लगा दी, जबकि दो अन्य लोग कार में ही फंसे रह गए.
लगभग 70 फीट नीचे गिरने के बाद कार एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे गाड़ी खाई में नीचे तक गिरने से बच गई. हादसा होते ही मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया. लोगों ने खाई में उतरकर कार में फंसे दोनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. गनीमत रही कि दोनों को केवल हल्की चोटें आईं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क किनारे पैरापेट वॉल (सुरक्षा दीवार) या फेंसिंग न होने के कारण चालक को खाई के किनारे का अंदाजा नहीं हुआ. इसके अलावा, नवरात्र के चलते मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी, जिसके कारण वाहन को नियंत्रित करना कठिन हो गया था.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

