जबलपुर : इंटरसिटी ट्रेन में हुआ पथराव, टूटा कोच का कांच, आरपीएफ ने युवक को पकड़ा, साथ में था नाबालिग

जबलपुर : इंटरसिटी ट्रेन में हुआ पथराव, टूटा कोच का कांच, आरपीएफ ने युवक को पकड़ा, साथ में था नाबालिग

प्रेषित समय :14:48:57 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. चलती यात्री ट्रेन पर पत्थर फेंककर कांच तोडऩे के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है. घटना के समय उसके साथ एक नाबालिग भी मौजूद था. आरपीएफ ने नाबालिग के माता-पिता को बुलाकर समझाइश दी और संरक्षक का बंधपत्र भरवाने के बाद उसे सौंप दिया. वहीं, युवक नकुल कुंडे के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

आरपीएफ को बुधवार शाम सूचना मिली कि जबलपुर से अधारताल के बीच ट्रेन नंबर 11651 जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस के सी-1 कोच में बर्थ नंबर 3/4 के पास खिड़की के कांच पर पत्थर मारा गया है. सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुखराम बेन और आरक्षक अरुण व संदीप कठेरिया मौके के लिए रवाना हुए. टीम सतपुला ब्रिज के पास डाउन लाइन पर पहुंची, जहां एक युवक नाबालिग के साथ खड़ा था. आरपीएफ को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान बेलबाग टोरिया निवासी नकुल कुंडे के रूप में हुई.

नाबालिग को निशाना बताने के लिए फेंका पत्थर

पूछताछ के दौरान नकुल ने बताया कि वह नाबालिग के साथ रेलवे लाइन के किनारे बैठा था. शाम करीब 4:20 बजे जब जबलपुर स्टेशन की ओर से अधारताल की तरफ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस वहां से गुजरी, तो उसने नाबालिग को निशाना बताने के लिए ट्रैक पर पड़ा पत्थर उठाकर ट्रेन पर फेंक दिया. पत्थर लगने से कोच की खिड़की का कांच टूट गया. आवाज सुनकर यात्रियों में हड़कंप मच गया और आरपीएफ को सूचना दी गई.

आरपीएफ के अनुसार, युवक ने पूछताछ में ट्रेन पर पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की. चलती यात्री ट्रेन पर पत्थर फेंकने को यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. नाबालिग को उसके माता-पिता की मौजूदगी में समझाइश देकर संरक्षक के बंधपत्र पर सौंप दिया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-