बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के कासगंज से नरौरा के सर्वमंगला मां बेला भवानी सिद्धपीठ बेलोन के दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं की ईको वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में एक साल की बच्ची, उसके पिता और दादा सहित पांच लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे तेज रफ्तार ईको वैन अचानक असंतुलित होकर दिल्ली-बदायूं मार्ग पर नरौरा थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर के पास सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई. जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ वैन का अगला हिस्सा पेड़ से पिचक गया और उसमें सवार दब गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर व ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और नरौरा थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला.
मौके पर हुई पांचों लोगों की मौत
कासगंज जनपद के सिढ़पुरा क्षेत्र स्थित गांव देहली बुजुर्ग निवासी 50 वर्षीय रामदीन पुत्र रामशंकर, उनके पुत्र 28 वर्षीय लोकेंद्र और एक वर्षीय मासूम पोती प्रगति पुत्री लोकेंद्र, 35 वर्षीय बविता पत्नी प्रवीन कुमार तथा ईको वैन चालक 55 वर्षीय शिवशंकर मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई.
घायलों को हायर सेंटर किया रेफर
हादसे में कार सवार 20 वर्षीय ललिता पुत्री लोकेंद्र, 11 वर्षीय अनिका पुत्री प्रवीन और चार वर्षीय प्रतीक पुत्र प्रवीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं. जिन्हें उपचार के लिए डिबाई सीएचसी से हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर भेजा गया है. थाना प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह ने बताया कि पुलिस शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

