इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में गरबा आयोजन के दौरान रास्ते में कुर्सियां लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हो गया. एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्णा बाग कॉलोनी में मंगलवार रात कहासुनी के बाद एक रिटायर्ड सैन्यकर्मी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से दो से तीन राउंड फायर कर दिए. गोली लगने से रक्षित नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
रास्ते से निकलने को लेकर शुरू हुई कहासुनी
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:15 बजे कृष्णा बाग कॉलोनी में गरबा कार्यक्रम चल रहा था. गली में महिलाएं और बच्चे कुर्सियां लगाकर बैठे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रहे केशव का रास्ते को लेकर विवाद हो गया.
शुरुआती कहासुनी जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई. विवाद बढ़ने पर केशव ने अपने पिता नीरज को इसकी जानकारी दी.
बेटे की सूचना पर रिवॉल्वर लेकर पहुंचा पिता
आरोप है कि बेटे से विवाद की जानकारी मिलने के बाद नीरज लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर मौके पर पहुंचा और फायरिंग कर दी. इस दौरान एक गोली रक्षित के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के तुरंत बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही कॉलोनी में तनाव का माहौल बन गया.
पिता-पुत्र पुलिस हिरासत में
घटना के बाद एमआईजी थाना पुलिस ने नीरज और उसके बेटे केशव को हिरासत में लिया है. पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया था. युवक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. विवाद की परिस्थितियों, फायरिंग और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

