अलवर. राजस्थान के अलवर जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 28 वर्षीय महिला की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. महिला की हत्या का आरोप उसके 25 वर्षीय साथी योगेश चौधरी पर लगा है. घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस को शुरुआती जांच में कमरे के भीतर संघर्ष के संकेत मिले हैं. मृतका करीब पांच महीने की गर्भवती थी.
डेढ़ साल से किराए के मकान में रह रहे थे दोनों
यह मामला अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के नाहरपुर इलाके का है. मृतका की पहचान कुमकुम के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, कुमकुम और योगेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे. दोनों करीब डेढ़ साल से अलवर में किराए का कमरा लेकर साथ रह रहे थे.
बताया जा रहा है कि दोनों पहले से शादीशुदा थे और उनके दो-दो बच्चे हैं. कुमकुम अपने पति और बच्चों से अलग होकर योगेश के साथ रहने लगी थी. वह सोशल मीडिया पर रील बनाती थी, जबकि योगेश एक निजी संस्थान में नौकरी करता था.
कमरे में बिस्तर पर मिली महिला, जांच में सामने आए संघर्ष के संकेत
घटना का पता तब चला, जब कुमकुम काफी देर तक कमरे में बिस्तर पर बिना किसी हलचल के पड़ी रही. संदेह होने पर मकान मालिक ने कमरे में जाकर देखा तो महिला मृत मिली. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की. इस दौरान फर्श पर बिखरे बाल और टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला. इन परिस्थितियों के आधार पर कमरे में हाथापाई होने की आशंका जताई जा रही है. महिला के गले पर भी चोट और दबाव के निशान मिलने की बात सामने आई है.
अक्सर विवाद होने की बात आई सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुमकुम करीब पांच महीने की गर्भवती थी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. हालांकि, महिला की मौत की वास्तविक वजह और घटना के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से योगेश चौधरी फरार है. उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच भी की जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

