जबलपुर. रेलवे ने पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत नई रेल लाइन बनने के बाद देवेंद्रनगर-सतना-रीवा-चुरहट के बीच नई मेमू ट्रेन चलाने का निर्णय लेते हुए इस मेमू ट्रेन की समय सारिणी जारी कर दी है. यह ट्रेन संभवत: 24 अक्टूबर को उद्घाटित हो सकती है, जिसकी तैयारियां रेल प्रशासन ने शुरू कर दी है. ये ट्रेन सप्ताह में 6 दिन रविवार को छोड़कर चला करेगी.
देवेंद्रनगर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रेलमंत्री वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर दोनों ट्रेनों को रवाना करेंगे. कार्यक्रम में सतना सांसद गणेश सिंह और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा भी मौजूद रहेंगे. दोनों ट्रेनों को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच रवाना किया जाएगा.
देवेंद्रनगर-सतना-रीवा-चुरहट के बीच चलेंगी ट्रेनें
रेलवे बोर्ड ने इस मेमू ट्रेन को मंजूरी दी है, जो सप्ताह में 6 दिन (रविवार को छोड़कर) चलेगी. ये ट्रेन देवेन्द्रनगर से सतना, रीवा व चुरहट तक चलेगी, इन ट्रेनों से सतना, रीवा, पन्ना और सीधी क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है. देवेन्द्रनगर से चुरहट के बीच करीब 166 किलोमीटर के रेलखंड पर आवागमन आसान होगा.
विध्यवासियोंं को मिलेगा बेहतर रेल विकल्प
अब तक पन्ना और सीधी जिले के कई इलाकों के यात्रियों के लिए सड़क मार्ग ही आवागमन का प्रमुख साधन रहा है. नई मेमू ट्रेन सेवाएं शुरू होने से यात्रियों को रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा. इससे यात्रा के समय और खर्च में बचत होने की उम्मीद है. नई रेल सेवाओं से विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा.



