जबलपुर. एमपी के जबलपुर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं. पिछले दो दिनों के भीतर माढ़ोताल, गढ़ा और पनागर में सनसनीखेज चाकूबाजी और मारपीट की तीन वारदातें सामने आई हैं. इन अलग-अलग घटनाओं में आरोपियों ने बेरहमी से चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर तीन युवकों को मौत के मुंह में धकेल दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
दुर्गा देखने निकले युवक पर जानलेवा हमला-
माढ़ोताल थाना अंतर्गत मॉ रेवानगर निवासी आदित्य उर्फ रविकांत उर्फ छोटू विश्वकर्मा खिड़की-विंडो बनाने का काम करता है. बीती रात आदित्य अपने दोस्त प्रिंस नामदेव के साथ दुर्गा जी देखने के लिए निकला. आदित्य व प्रिंस नामदेव बजरंग नगर में सरोज साहू की पुलिया जय नामदेव ने रोककर गाली गलौज शुरु कर दी. विरोध करने पर जय ने चाकू निकालकर हमला कर दिया, जिससे पेट, कंधे, कान के पीछे और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर लहूलुहान कर दिया.
पुरानी रंजिश में ट्रांसपोर्ट मैनेजर पर सरेराह चाकू से हमला-
गढ़ा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर चंडाल भाटा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया. सीमा रोड लाइंस में मैनेजर के पद पर कार्यरत अनुराग पाण्डे बीती शाम 4 बजे के लगभग अभिषेक सराफ के घर के सामने बैठे थे. इसी दौरान दो अज्ञात लड़के अचानक वहां आए और बिना कुछ कहे अनुराग पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसकी दोनों पैरों की जांघों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. छानबीन में हमलावरों की पहचान आकाश कोष्टा और हर्ष कोरी के रूप में हुई.
सिर्फ एक बीड़ी मांगने पर भड़का विवाद, पेट में घोंपा चाकू-
पनागर थाना क्षेत्र के भगत सिंह वार्ड निवासी विकास सोनी वेंडर का काम करता है. बीती रात करीब 9.15 बजे वह अपने मोहल्ले के शिवम दुबे और चंचल यादव के साथ सिद्धबाबा हैंडपंप के पास खड़े होकर बीड़ी पी रहा था. तभी मोहल्ले का ही शनि पटेल अपने साथी आयुष उर्फ काला ठाकुर के साथ वहां पहुंचा और विकास से बीड़ी मांगने लगा. जब विकास ने बीड़ी न होने की बात कही, तो आग बबूला हुआ शनि पटेल गालियां देते हुए विवाद पर उतर आया और दोनों ने मिलकर उसे थप्पड़-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया. जब विकास ने अपनी जान बचाने की कोशिश की, तो शनि पटेल ने बेरहमी दिखाते हुए घातक चाकू निकाला और सीधा उसके पेट में घोंप दिया. गंभीर रूप से घायल विकास को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने आरोपी शनि पटेल और आयुष के खिलाफ धारा 109(1) व 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

