जबलपुर. दक्षिण भारत और कोंकण क्षेत्र की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. जबलपुर से कोयंबटूर के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब नियमित एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी. पश्चिम मध्य रेलवे ने ट्रेन को नए नंबर के साथ नियमित चलाने का निर्णय लिया है. इससे नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी और हरदा सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा.
रेलवे के अनुसार, अब तक गाड़ी संख्या 02198/02197 के रूप में चल रही जबलपुर–कोयंबटूर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब 20160/20159 नंबर से संचालित होगी. जबलपुर से कोयंबटूर जाने वाली गाड़ी संख्या 20160 शुक्रवार, 23 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार से चलने लगी, वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 20159 कोयंबटूर से सोमवार, 26 अक्टूबर से प्रत्येक सोमवार को प्रस्थान करेगी.
इटारसी-हरदा के यात्रियों को मिलेगा फायदा
ये ट्रेन नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, हरदा, खंडवा और भुसावल होते हुए आगे बढ़ेगी. इसके बाद नासिक रोड, पनवेल और कोंकण क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए दक्षिण भारत पहुंचेगी. मार्ग में रत्नागिरी, कणकवली, मडगांव, कारवार, मंगलूरु सेंट्रल, कासरगोड, कण्णूर, कोषिक्कोड, शोरनूर और पालक्काड जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. नियमित संचालन से इन क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में सुविधा मिलेगी.
24 कोच के साथ चलेगी एक्सप्रेस
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे. इनमें 1 फर्स्ट एसी, 2 सेकेंड एसी, 6 थर्ड एसी, 9 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी और 2 एलएलआरडी कोच शामिल हैं. अलग-अलग श्रेणियों के कोच होने से यात्रियों को अपनी सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा करने का विकल्प मिलेगा.
पर्यटन और कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
जबलपुर–कोयंबटूर ट्रेन के नियमित संचालन से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को फायदा मिलने की उम्मीद है. मध्य प्रदेश से कोंकण तट और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक सीधा रेल संपर्क मजबूत होने से अंतरराज्यीय आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा. यात्री ट्रेन की समय-सारणी और सीटों की उपलब्धता की जानकारी एनटीईएस, रेलवन ऐप या भारतीय रेल की आधिकारिक पूछताछ सेवाओं से प्राप्त कर सकते हैं
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


