जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गौर क्षेत्र अंतर्गत सालीबाड़ा में दिल दहलाने वाला घटनाक्रम सामने आया है. यहां पर सोमवार दोपहर को घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हुआ चार साल का मासूम ध्रुव गौड़ का शव आज सुबह गांव के ही तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला. मासूम का शव पानी में उतराता देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस दर्दनाक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक चार वर्षीय ध्रुव गौड़ पिता रवि गौड़ बीती दोपहर करीब 12 बजे अपने घर के पास खेल रहा था. उस वक्त घर पर उसकी महज दो साल की छोटी बहन भी मौजूद थी. जब पिता रवि मजदूरी का काम खत्म करके शाम को घर लौटे, तो उन्होंने ध्रुव को घर में नहीं पाया. अचानक बच्चे के गायब होने से परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. घबराए परिजनों ने तुरंत पूरे मोहल्ले, रिश्तेदारों और आसपास के सुनसान इलाकों में बच्चे की तलाश शुरू कर दी, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी मासूम का कोई सुराग नहीं मिला.
इसके बाद देर रात गौर चौकी पहुंचकर बच्चे की गुमशुदगी की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई. गौर चौकी पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों, रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया. पुलिस और ग्रामीणों ने पूरी रात बच्चे की तलाश की, लेकिन सोमवार को उसका कहीं अतापता नहीं चल सका. आज सुबह उस वक्त कोहराम मच गया जब स्थानीय लोगों ने गांव के तालाब में एक बच्चे का शव उतराते देखा. सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से मासूम के शव को पानी से बाहर निकलवाया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से इस सनसनीखेज मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

