जबलपुर. एमपी के जबलपुर में लार्डगंज स्थित कछियाना इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने मामूली सी बात पर एक युवक पर सरेराह जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने पहले युवक से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की और जब उसने पैसे देने से इंकार किया, तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर रिवाल्वर निकालकर गोली मार दी. वारदात में युवक के पैर में गोली जा लगी, जिससे इलाके में भारी सनसनी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है.
पुलिस के अनुसार तरुण मिर्गे कछियाना क्षेत्र में अपने परिचितों के साथ खड़ा ािा, इस दौरान बाइक सवार बदमाश पहुंचे. जिन्होने तरुण को रोककर उससे शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की. तरुण मिर्गे के मना करने पर आगबबूला हुए बदमाशों ने चाकू निकालकर तरुण पर हमला कर दिया, हमला होते ही तरुण भागा तो उसपर फायरिंग कर दी. गोली सीधे तरुण के घुटने के पास जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ अपराधी इलाके में अपनी दहशत कायम रखने के उद्देश्य से हवा में ताबड़तोड़ गोलियां चलाते हुए मौके से फरार हो गए.
अचानक हुई इस गोलीबारी और चाकूबाजी की घटना से कछियाना क्षेत्र के रहवासियों में खौफ का माहौल पैदा हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही तरुण के परिजन और आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना एक पल गंवाए गंभीर रूप से घायल तरुण मिर्गे को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका तत्काल इलाज शुरू किया गया. चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, गोली तरुण के पैर में अंदर ही फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए मंगलवार को डॉक्टरों द्वारा उसका जटिल ऑपरेशन किया जाएगा. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

