नई दिल्ली. चक्रवाती तूफान अर्नब ने बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दे दी. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब का केंद्र तट के बहुत करीब बना हुआ है. आईएमडी के मुताबिक, चक्रवात का उत्तरी हिस्सा (स्पाइरल बैंड) जमीन के अंदर प्रवेश कर चुका है और तट से टकराने की यह प्रक्रिया अगले तीन घंटों तक जारी रहने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब का केंद्र आंध्र प्रदेश के तट के बहुत करीब है, और इसके तट से टकराने की प्रक्रिया जारी है.
तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश
चक्रवात के चलते आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश शुरू हो गई है. 135 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं भी चल रही हैं. वहीं आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात अर्नब को देखते हुए हुए पहले से ही तैयारी कर ली गई है. जिसके लिए लगभग 4,000 चक्रवात आश्रय स्थल (साइक्लोन शेल्टर) बनाए गए हैं और हजारों लोगों को जोखिम वाले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
तूफान के तट से टकराने की संभावना को देखते हुए, दोनों राज्यों ने आपदा प्रबंधन कर्मियों को अलर्ट पर रखा है और कई सड़कों पर यातायात पर पाबंदियां लगा दी हैं. अधिकारियों ने बताया कि आंध्र प्रदेश सरकार ने 20 जिलों में 2,131 चक्रवात आश्रय स्थल बनाए हैं और प्रभावित होने की संभावना वाले इलाकों में 1,087 मेडिकल टीमों को अलर्ट पर रखा है. इसके अलावा, 8,281 इमरजेंसी बेड और 1,274 एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है.
चक्रवाती तूफान अर्नब का कहर, अब तक तीन लोगों की मौत
चक्रवाती तूफान अर्नब ने आंध्र प्रदेश में जमकर कहर बरपाया. जिसमें राज्य में अब तक तीन लोगों की मौत की खबर है. नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि चक्रवात अर्नब की सबसे ज्यादा मार आंध्र प्रदेश पर पड़ी है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है. यह चक्रवात पुडुचेरी के यानम के पास तट से टकराया है और अब बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान से कमजोर होकर 'गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है. अधिकारी ने बताया कि उम्मीद है कि शाम तक इसकी ताकत और कम हो जाएगी, जिससे यह पहले एक सामान्य चक्रवाती तूफान और फिर अंत में डीप डिप्रेशन (गहरे दबाव के क्षेत्र) में बदल जाएगा.
आंध्र प्रदेश में दो युवकों की करंट लगने से मौत
आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्बन का कहर जारी है. चक्रवात के चलते इलाके में सैकड़ों पेड़ गिर गए हैं और बिजली के पोल उखड़ गए हैं. इस बीच अधिकारियों ने जानकारी दी की कि विशाखापत्तनम और अनाकापल्ली जिलों में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली और विशाखापत्तनम जिलों में करंट लगने से दो लोगों की जान चली गई है. बुधवार सुबह, बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब तूफान आंध्र प्रदेश और यनम के तटों से टकराया. इसके बाद यह कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, लैंडफॉल की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और यह मौसमी प्रणाली अब पूरी तरह से जमीन के ऊपर आ गई है.
ओडिशा में कई इलाकों में पेड़ गिरने से सड़कें बंद
चक्रवाती तूफान अर्नब का लैंडफॉल जारी है. इस बीच ओडिशा में भी चक्रवाती तूफान अर्नब ने भारी कहर बरपाया है. राज्य के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए हैं. जिसके चलते कई सड़कें बंद हो गई हैं. अभी भी बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है. इस बीच ओडिशा अग्निशमन विभाग की टीम सड़कों को साफ करने और गिरे हुए पेड़ों को हटाने में लगी हुई हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

