दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह-सागर मार्ग पर देहात थाना क्षेत्र के सिहोरा गांव के पास मंगलवार देर रात कटनी से इंदौर जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे. घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने 8 घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 15 पीए 5577 रात करीब 10 बजे दमोह बस स्टैंड से सागर के लिए रवाना हुई थी. सिहोरा गांव के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर बाईं ओर पलट गई. बस पलटते ही यात्रियों ने मदद के लिए आवाज लगाई. स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया. एसडीएम संजय दुबे ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी ली.
मजदूरी के लिए इंदौर जा रहे थे यात्री
घायल रेखा बाई और विकास सिंह ठाकुर ने बताया कि वे पन्ना जिले के रेपुरा से बस में सवार हुए थे और मजदूरी के लिए इंदौर जा रहे थे. दमोह बस स्टैंड से निकलने के कुछ देर बाद ही बस पलट गई. उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं है. घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
चार साल की बच्ची समेत 4 भर्ती
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि हादसे में 8 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. ड्यूटी डॉक्टर मनीष संगतानी के अनुसार, चार साल की बच्ची सहित चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है. घायलों की स्थिति ठीक है.
दूसरी बस से यात्रियों को भेजा इंदौर
हादसे के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से इंदौर रवाना किया गया. पुलिस के अनुसार, बस चालक और कंडक्टर फरार हैं. उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

