जबलपुर. एमपी जबलपुर में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आज एक बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की गई. शहर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर गोकलपुर में देवी जागरण और भंडारे के दौरान हुई हिंसा में घायल व्यक्ति की मौत के बाद, प्रशासन ने मामले के मुख्य आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात आजाद नगर गोकलपुर में देवी जागरण और भंडारे का धार्मिक आयोजन चल रहा था. इसी दौरान मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में दो महिलाओं समेत कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना में बुरी तरह घायल हुए 48 वर्षीय पारस यादव को इलाज के लिए निकटतम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. पारस यादव की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई.
शव सड़क पर रखकर किया था उग्र प्रदर्शन
पारस यादव की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने न्याय की मांग को लेकर विकल मोड़ पर शव रखकर उग्र प्रदर्शन किया. इस दौरान तीनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट मांगें रखीं, जिनमें पीडि़त परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा घटना में शामिल सभी आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग शामिल थी. आंदोलनकारियों ने जिला प्रशासन को अपनी मांगों पर कार्रवाई करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था.
संयुक्त टीम ने की ध्वस्त करने की कार्रवाई-
स्थानीय लोगों के आक्रोश और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रांझी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी समीर वंशकार सहित छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया. इसके बाद गुरुवार सुबह जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम भारी अमले के साथ गोकलपुर पहुंची. प्रशासन ने मुख्य आरोपी समीर वंशकार द्वारा किए गए चिह्नित अवैध निर्माणों को जेसीबी और बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया. कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि शांति-व्यवस्था बनी रहे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त तत्वों की जांच जारी है और कानून तोडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

