जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सस्ते दाम पर पुराने सोने के सिक्के देने का झांसा देकर पश्चिम बंगाल के एक सेल्समैन और उसके ममेरे भाई से 2.10 लाख रुपए ठग लिए गए. पनागर के कुशनेर अंडर ब्रिज बायपास पर हुई इस घटना में पुलिस ने गोसलपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान कृष्णा कुमार उर्फ बंटी पारधी और उसके भाई राजवीर पारधी के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं.
बताया गया है कि विश्वजीत भकत निवासी पश्चिम बंगाल के बीरभूम अगस्त 2026 में झारखंड के देवघर में बाबा धाम कांवड़ यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात रुद्राक्ष बेचने वाली एक महिला से हुई थी. इसके बाद महिला के पति बंटी ने फोन कर खुद को उसका पति बताया और कम कीमत पर पुराने सोने के सिक्के देने का लालच दिया. आरोपियों ने शुरुआत में विश्वजीत को जांच के लिए 1.18 ग्राम का एक असली सोने का सिक्का दिया. इससे उनका भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने 50 से 60 और सिक्के देने के नाम पर 2 लाख 10 हजार रुपए मांगे.
इसके लिए विश्वजीत 24 अक्टूबर को अपने ममेरे भाई के साथ जबलपुर पहुंचे. आरोपियों ने दोनों को पनागर क्षेत्र के कुशनेर अंडर ब्रिज बायपास पर बुलाया था. वहां पीडि़तों ने सिक्कों की दोबारा जांच कराने की बात कही, तो आरोपियों ने कथित तौर पर रुपयों से भरा बैग, मोबाइल और अन्य सामान जबरन छीन लिया और मौके से फरार हो गए. मामले में पनागर थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मैदानी साक्ष्यों के आधार पर कृष्णा कुमार उर्फ बंटी पारधी और राजवीर पारधी को गिरफ्तार किया. दोनों से जुड़े पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य साथियों और उससे जुड़ी दूसरी वारदातों का पता लगाया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

