भोपाल. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता का भोपाल एम्स में निधन हो गया है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई ने आज प्रात: उपचार के दौरान भोपाल एम्स में अंतिम सांस ली. स्वर्गीय काशी बाई चौहान का अंतिम संस्कार आज अपरान्ह 3 बजे ग्राम जैत, सीहोर में किया जाएगा. अंतिम दर्शन के लिए स्वर्गीय काशी बाई का पार्थिव शरीर भोपाल साकेत नगर में निवास 9बी में प्रात: 11 से 12 बजे तक रहेगा. इसके बाद अंतिम यात्रा ग्राम जैत के लिए प्रस्थान करेगी.
शिवराज सिंह की दूसरी मां थीं काशीबाई
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पहली मां को बचपन में ही खो दिया था, उनका नाम सुंदरबाई था. इसके बाद बच्चों की देखभाल के लिए उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने काशीबाई से दूसरी शादी की थी. काशीबाई ने इसके बाद परिवार का लालन-पालन किया. शिवराज सिंह चौहान के चार भाई-बहन हैं और उनकी दूसरी मां काशीबाई भोपाल के साकेत नगर में रहती थीं. परिजनों के मुताबिक बीमारी के चलते पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत नासाज थी. श्वास संबंधी परेशानियों के बाद उन्हें एम्स भोपाल में एडमिट कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था.
शिवराज बोले- आज अत्यंत पीड़ा का दिन
शिवराज सिंह चौहान ने मां काशीबाई के निधन पर कहा, '' आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दु:ख और पीड़ा का दिन है. हमारी पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं. मां का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता. आज उनकी स्मृतियां मन को भावुक कर रही हैं. परमपिता परमेश्वर के श्रीचरणों में प्रार्थना है कि माताजी को अपने दिव्य धाम में स्थान प्रदान करें. पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार दोहपर 03 बजे गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर में होगा। ? शांति!
वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं 76 वर्षीय काशीबाई
एम्स के डॉक्टर्स ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशीबाई करीब 76 वर्ष की थीं और एक सप्ताह पहले ही यहां एडमिट किया गया था. उनकी हालत गंभीर होने के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखने का फैसला किया था. काशीबाई चौहान के निधन के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं. शुक्रवार को मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में भी शिवराज शामिल होने वाले थे. एम्स के पीआरओ डॉ. केतन मेहरा ने कहा, काशीबाई का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं था. डॉक्टर्स की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रखे हुए थी और बेहतर उपचार के प्रयास किए जा रहे थे. हालांकि, उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनका निधन हो गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

