जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में हाईवे स्थित एक ढाबे पर बस रुकते ही चोरी की वारदात हो गई. रीवा से नागपुर जा रहे यातायात विभाग के सब इंस्पेक्टर शिवनरेश तिवारी का 14 लाख रुपये से भरा बैग बस की सीट से गायब हो गया. घटना गोसलपुर के पास सोनम ढाबे की है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12 बजे राजहंस ट्रेवल्स की बस सोनम ढाबे पर कुछ देर के लिए रुकी थी. इस दौरान बस में सवार यात्री टॉयलेट जाने के लिए नीचे उतरे. सब इंस्पेक्टर शिवनरेश तिवारी भी अपना बैग सीट पर छोड़कर बस से उतर गए. कुछ देर बाद जब वे लौटे तो सीट से 14 लाख रुपये से भरा बैग गायब था.
उन्होंने बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की और आसपास तलाश भी की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने गोसलपुर पुलिस को सूचना दी.
पुलिस अब ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही बस के चालक और परिचालक से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बस रुकने के दौरान किसने बैग चोरी किया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

