मुरैना. करवा चौथ की रात जब सुहागिनें अपने पतियों की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, उसी दौरान मुरैना में हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. दिनभर मजदूरी करने के बाद घर लौट रहे तीन मजदूरों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया. हादसे में तीनों की मौत हो गई. मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं. घरों में अपनों के लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों को जब हादसे की खबर मिली तो चीख-पुकार मच गई.
हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर घरौंना मंदिर के पास गुरुवार रात हुआ. हिंगोना कला गांव निवासी कल्लू माहौर (31), गोपी माहौर (18) और प्रकाश माहौर (50) गुरुवार सुबह मजदूरी की तलाश में मुरैना आए थे. दिनभर काम करने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्लू और गोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लेकर गई, जहां उपचार के दौरान प्रकाश ने भी दम तोड़ दिया.
दो सगे भाइयों की मौत से गांव में मातम
हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई शामिल हैं. तीनों मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. करवा चौथ की रात हुए इस हादसे ने उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. जिन घरों में उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद थी, वहां अब मातम पसरा है.
ट्रक चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि घरौंना मंदिर के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी थी. हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हुई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


