हरियाणा के अंबाला में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रही 2 साल की चंदा पानी के हौद में गिरी, मौत

हरियाणा के अंबाला में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रही 2 साल की चंदा पानी के हौद में गिरी, मौत

प्रेषित समय :17:10:09 PM / Fri, Oct 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अंबाला. हरियाणा के अंबाला के पास सोंडा गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की जान चली गई. घर के बाहर खेलते समय बच्ची अचानक पानी से भरे गहरे हौद में गिर गई. काफी देर बाद जब परिजनों को इसका पता चला तो उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

मां लौटी तो घर से गायब मिली मासूम

जानकारी के अनुसार, बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले छोटूराम अपने परिवार के साथ सोंडा गांव में रहकर मजदूरी करते हैं. शुक्रवार को उनकी दो वर्षीय बेटी चंदा घर के आसपास खेल रही थी. इसी दौरान उसकी मां निशा कुछ काम से पानी लेने चली गईं.

जब वह वापस लौटीं तो बच्ची आसपास कहीं दिखाई नहीं दी. परिवार ने तलाश शुरू की तो पास में बने गहरे पानी के हौद में चंदा बेसुध अवस्था में मिली.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम

बच्ची को हौद से बाहर निकालने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बेटी की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया. अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा.

इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-