नहीं रहे 'प्रोफेसर X' पैट्रिक स्टीवर्ट, 86 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा; 'स्टार ट्रेक' से मिली थी पहचान

नहीं रहे

प्रेषित समय :17:23:19 PM / Fri, Oct 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लॉस एंजिल्स. हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. 'एक्स-मेन' फिल्म सीरीज में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर और 'स्टार ट्रेक' में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड के किरदार से दुनियाभर में लोकप्रिय हुए स्टीवर्ट ने बुधवार को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की जानकारी उनके प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर जारी पारिवारिक बयान के माध्यम से दी. बताया गया कि वह अल्जाइमर रोग और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे. अंतिम समय में उनकी पत्नी सनी ओजेल उनके साथ थीं.

60 साल से ज्यादा का शानदार अभिनय करियर

पैट्रिक स्टीवर्ट ने थिएटर, टेलीविजन और फिल्मों में छह दशक से अधिक समय तक काम किया. उन्होंने 1966 में रॉयल शेक्सपियर कंपनी के साथ जुड़कर अपने रंगमंच के करियर को नई पहचान दी. शेक्सपियर के नाटकों में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली.

बाद में उन्होंने हॉलीवुड का रुख किया और अपनी दमदार आवाज, शानदार संवाद अदायगी तथा प्रभावशाली अभिनय से अलग पहचान बनाई.

'स्टार ट्रेक' के कैप्टन पिकार्ड बनकर हुए मशहूर

पैट्रिक स्टीवर्ट को अंतरराष्ट्रीय पहचान साइंस फिक्शन सीरीज 'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जेनरेशन' से मिली. इसमें उन्होंने कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड की भूमिका निभाई थी. यह किरदार दर्शकों के बीच इतना लोकप्रिय हुआ कि स्टीवर्ट की पहचान इसी नाम से भी होने लगी.

इसके अलावा उन्होंने 'एक्स-मेन' फिल्मों में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर यानी प्रोफेसर X की भूमिका निभाकर सुपरहीरो फिल्मों की दुनिया में खास मुकाम हासिल किया.

उनकी चर्चित फिल्मों में 'ड्यून', 'एक्सकैलिबर' और 'ग्रीन रूम' भी शामिल हैं.

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

पैट्रिक स्टीवर्ट का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हुआ था. उन्हें लाइव-एक्शन मार्वल किरदार निभाने के लंबे करियर के लिए यह पहचान मिली. वर्ष 2000 में रिलीज हुई पहली 'एक्स-मेन' फिल्म से शुरू हुआ उनका प्रोफेसर X का सफर कई वर्षों तक जारी रहा. वर्ष 2022 में 'डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस' में भी वह इस भूमिका में नजर आए.

ब्रिटेन ने दिया था नाइटहुड सम्मान

अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने वर्ष 2010 में उन्हें नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया था.

उन्हें अपने करियर में तीन प्रतिष्ठित लॉरेंस ओलिवियर पुरस्कार मिले. इसके अलावा उन्होंने ग्रैमी अवॉर्ड भी जीता. एमी, गोल्डन ग्लोब और टोनी अवॉर्ड के लिए भी उन्हें नामांकन मिला था.

तीन शादियां, दो बच्चे और चार पोते-पोतियां

पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने जीवन में तीन शादियां की थीं. उनकी पहली शादी वर्ष 1966 में शीला फाल्कनर से हुई थी. इस शादी से उनके दो बच्चे डैनियल और सोफी हुए. वर्ष 1990 में दोनों का तलाक हो गया.

इसके बाद वर्ष 2000 में उन्होंने टीवी प्रोड्यूसर वेंडी न्युस से शादी की, लेकिन 2003 में दोनों अलग हो गए. सितंबर 2013 में उन्होंने अमेरिकी गायिका और गीतकार सनी ओजेल के साथ विवाह किया. उनके चार पोते-पोतियां भी हैं.

हॉलीवुड सितारों ने दी श्रद्धांजलि

पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई. उनके साथ काम कर चुके अभिनेता ह्यू जैकमैन, विलियम शैटनर और कई अन्य कलाकारों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.

मार्वल स्टूडियोज ने भी उनके अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर के किरदार को गरिमा, बुद्धिमत्ता और मानवीय संवेदनाओं के साथ पर्दे पर जीवंत किया था. उनका अभिनय और सिनेमा में योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-