सागर के मकरोनिया से बहेरिया तक बनेगा फोरलेन, जबलपुर हाईवे से जुड़ेगा, गडकरी ने दी मंजूरी

सागर के मकरोनिया से बहेरिया तक बनेगा फोरलेन, जबलपुर हाईवे से जुड़ेगा, गडकरी ने दी मंजूरी

प्रेषित समय :15:42:49 PM / Sat, Oct 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सागर/जबलपुर. सागर शहर को राष्ट्रीय राजमार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए मकरोनिया से बहेरिया तक 5.2 किलोमीटर लंबा फोरलेन बनाया जाएगा. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एनएच-934 के इस हिस्से के उन्नयन और रखरखाव के लिए करीब 14.16 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. इस मार्ग के बनने से सागर शहर का एनएच-44, कानपुर हाईवे और जबलपुर हाईवे से संपर्क बेहतर होगा.

मकरोनिया-बहेरिया मार्ग का होगा उन्नयन

एनएच-934 के किलोमीटर 2.800 से 8.000 तक यानी 5.2 किलोमीटर हिस्से में सड़क के डामरीकरण, प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जाएंगे. इसके तहत बिटुमिनस ओवरले, स्ट्रीट लाइट, प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट लाइट, पेवर ब्लॉक और नालियों का निर्माण कराया जाएगा. साथ ही सड़क के नियमित रखरखाव के जरूरी काम भी होंगे.

नरयावली विधायक प्रदीप लारिया के प्रयासों से मकरोनिया-बहेरिया मार्ग के उन्नयन और रखरखाव के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है. इस परियोजना से शहर के प्रमुख मार्गों के बीच आवागमन सुगम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है.

तेजी से विकसित हो रहा मकरोनिया

सागर का उपनगर मकरोनिया तेजी से नए शहरी केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है. यहां बड़ी कंपनियों के आउटलेट और शोरूम खुल रहे हैं. व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के साथ आवासीय और अन्य शहरी सुविधाएं भी बढ़ रही हैं. ऐसे में मकरोनिया से बहेरिया तक फोरलेन बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-