अलवर. राजस्थान के अलवर जिले में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. राजगढ़ पंचायत समिति की राजपुरबड़ा ग्राम पंचायत में चुनाव हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया. शनिवार सुबह प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें डीएसपी देशराज कुलदीप और एएसआई कामम खान सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. उपद्रव के दौरान पुलिस वाहनों और बाइक में भी तोड़फोड़ की गई. हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
319 वोट कम गिनने का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार, सरपंच पद के प्रत्याशी महेंद्र कुमार शर्मा ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि शुक्रवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद कुल 4019 वोट पड़ने की जानकारी दी गई थी, लेकिन मतगणना के दौरान केवल 3700 वोट गिने जाने की बात सामने आई.
प्रत्याशी का दावा है कि कुल 319 वोटों का अंतर था. उन्होंने इस संबंध में आपत्ति भी दर्ज कराई, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया. इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया. नतीजे सामने आने के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया, जो पूरी रात जारी रहा.
समझाइश देने पहुंची पुलिस पर किया पथराव
शनिवार सुबह प्रदर्शन की सूचना मिलने पर डीएसपी देशराज कुलदीप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया.
इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया गया. अचानक हुए हमले में डीएसपी देशराज कुलदीप, एएसआई कामम खान और कांस्टेबल धर्मेंद्र व मुरारी घायल हो गए.
घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के वाहनों और बाइकों में भी तोड़फोड़ की. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया. घायल पुलिसकर्मियों को राजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
6 लोगों को हिरासत में लिया, अन्य की तलाश
अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि घटना में कुछ महिलाओं के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया है.
पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है. पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. वहीं, मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों की भी संबंधित तथ्यों के आधार पर पड़ताल की जा रही है.
चुनाव परिणाम को लेकर गांव में तनाव
सरपंच चुनाव की मतगणना को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव में बदल गया है. फिलहाल पुलिस गांव में स्थिति नियंत्रित करने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी है. मतगणना को लेकर लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

