बिलासपुर. दीपावली के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के बीच एक फेरे के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी. इस ट्रेन से दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी.
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08795 दुर्ग-दिल्ली जंक्शन फेस्टिवल स्पेशल 2 नवंबर को दुर्ग से रवाना होगी और अगले दिन 3 नवंबर को दिल्ली पहुंचेगी.
सुबह 11 बजे दुर्ग से होगी रवाना
निर्धारित समय सारणी के अनुसार, ट्रेन 2 नवंबर को सुबह 11 बजे दुर्ग स्टेशन से प्रस्थान करेगी. इसके बाद 11:35 बजे रायपुर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 11:40 बजे आगे रवाना होगी. दोपहर 1:40 बजे उसलापुर स्टेशन पहुंचने के बाद 1:50 बजे वहां से प्रस्थान करेगी.
शहडोल, कटनी और झांसी होते हुए पहुंचेगी दिल्ली
दुर्ग से रवाना होने के बाद ट्रेन उसलापुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा और सागर के रास्ते दिल्ली की ओर जाएगी. 3 नवंबर को तड़के 1:30 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, 2:34 बजे ग्वालियर, 4:05 बजे आगरा कैंट और 4:44 बजे मथुरा पहुंचेगी. इसके बाद सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंच जाएगी.
ट्रेन में होंगे कुल 18 कोच
रेलवे ने इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच लगाने की व्यवस्था की है. इनमें दो पावर कार, एक स्लीपर कोच, 14 एसी थर्ड इकोनॉमी कोच और एक एसी सेकंड श्रेणी का कोच शामिल रहेगा.
त्योहार के दौरान दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए यह अतिरिक्त ट्रेन सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है. यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर समय और उपलब्धता की जानकारी जांचने की सलाह दी जाती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

