जबलपुर। एमपी के जबलपुर में लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। महज चौबीस घंटे के भीतर हुई दो सनसनीखेज वारदातों ने आम नागरिकों की रातों की नींद उड़ाकर रख दी है। एक तरफ घमापुर थाना क्षेत्र में घर लौट रहे एक अधेड़ को सड़क पर गिराकर सरेराह दो तौला सोने की चैन लूट ली गई, तो वहीं दूसरी तरफ सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े डाक सहायक के हाथ से एप्पल का महंगा मोबाइल झपट्टा मारकर बदमाश हवा हो गए। इन ताबड़तोड़ वारदातों के बाद से शहर में दहशत का माहौल है और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
घमापुर में अधेड़ को गिराकर लूटी सोने की चैन-
पूर्वी करिया पाथर बाई का बगीचा घमापुर निवासी 52 वर्षीय प्रभाकर गायकवाड़ प्राइवेट काम करते हैं। बीती रात लगभग 9:45 बजे वे अपने रोजमर्रा के काम से पैदल वापस घर लौट रहे थे। जब वे कल्लू साहू के घर के पास पहुंचे, तो घात लगाए बैठे तीन अज्ञात लड़के अचानक उनके सामने आ गए। उनमें से एक बदमाश ने बिना किसी बात के प्रभाकर से विवाद शुरू कर दिया और उन्हें जोरदार धक्का दे दिया। अचानक हुए इस हमले से वे संभल नहीं पाए और सीधे सड़क पर जा गिरे। इससे पहले कि वे उठ पाते, दूसरे शातिर लड़के ने उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब दो तोला वजनी सोने की चैन गले से खींचकर निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पीडि़त ने घमापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सिविल लाइन में बाइक सवार बदमाश मोबाइल फोन लूटकर भागे-
सिविल लाइन प्रस्टीज अपार्टमेंट साउथ सिविल लाइन निवासी 27 वर्षीय प्रशांत जांगड़ा प्रधान डाक घर, जबलपुर में डाक सहायक के पद पर पदस्थ हैं। बीती शाम लगभग 7 बजे वे अपने घर से पैदल इलाहाबाद बैंक चौराहे की तरफ जा रहे थे। अभी वे सिविल लाइन गेट के ठीक सामने मुख्य सड़क पर पहुंचे ही थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात बदमाश तेज रफ्तार से आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चलती गाड़ी से ही प्रशांत के दाहिने हाथ पर झपट्टा मारा और उनके हाथ में रखा एप्पल कंपनी का कीमती मोबाइल (अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए) छीनकर हवा हो गए। हैरानी की बात यह है कि दोनों लुटेरों ने काले रंग की जैकेट पहन रखी थी ताकि अंधेरे या भीड़भाड़ में उनकी पहचान न हो सके। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर बाइक सवार लुटेरों की तलाश तेज कर दी है।
जबलपुर में नही थम रही लूट की वारदातें, एक की चैन लूटी दूसरे का मोबाइल फोन
प्रेषित समय :15:22:43 PM / Mon, Nov 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर