राजस्थान के कामगारों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली आवाज, श्रमिक नेता मुकेश गालव राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के सदस्य मनोनीत

राजस्थान के कामगारों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली आवाज, श्रमिक नेता मुकेश गालव राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के सदस्य मनोनीत

प्रेषित समय :16:23:18 PM / Mon, Nov 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोटा. राजस्थान के श्रमिकों, खासकर असंगठित क्षेत्र के कामगारों की आवाज अब राष्ट्रीय स्तर पर उठेगी. कोटा के वरिष्ठ श्रमिक नेता और हिंद मजदूर सभा राजस्थान राज्य परिषद के महासचिव मुकेश गालव को भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया है. उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा.

भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से जारी राजपत्र अधिसूचना क्रमांक का.आ. 5884(अ), दिनांक 28 अक्टूबर 2026 के तहत सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 की धारा 6 के अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड का गठन किया गया है. बोर्ड की सदस्य सूची में मुकेश गालव का नाम शामिल है.

गालव हिंद मजदूर सभा के सचिव और हिंद मजदूर सभा राजस्थान राज्य परिषद के महासचिव हैं. उनके मनोनयन से राजस्थान के श्रमिकों, विशेषकर असंगठित क्षेत्र के कामगारों की समस्याओं और अधिकारों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर मिलेगा.

राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा बोर्ड का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर काम करना है. बोर्ड में विभिन्न श्रमिक संगठनों, नियोजक संगठनों, केंद्र एवं राज्य सरकारों तथा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सहित अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है.

मुकेश गालव के मनोनयन पर राजस्थान के विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि गालव श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, बेहतर कार्य परिस्थितियों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका निभाएंगे. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-