जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर में मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है. सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय नरेंद्र कुमार रजक निवासी धनवंतरी नगर एचसीएल कंपनी में कार्यरत थे. जिनकी ब्रेन स्टेम डेथ की पुष्टि होने के बाद उनके परिजनों ने दुख की इस घड़ी में अंगदान का सराहनीय निर्णय लिया. परिवार के इस निर्णय से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है.
मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल के किडनी प्रत्यारोपण सर्जन डॉ. राजेश पटेल ने बताया कि परिजनों की सहमति मिलने के बाद अंगदान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई. हृदय एवं लिवर अहमदाबाद भेजने तथा दोनों किडनियों का जबलपुर में प्रत्यारोपण किए जाने की व्यवस्था की गई.
अंगदान की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अंगों को निर्धारित अस्पतालों तक सुरक्षित एवं शीघ्र पहुंचाने के लिए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में जबलपुर पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था संभालते हुए बड़ेरिया मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल से डुमना एयरपोर्ट तक लगभग 16-17 किलो मीटर तक एवं मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल से मेडिकल कॉलेज तक लगभग 8 किलो मीटर के क्रमश: 02 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए. हृदय एवं लिवर को अहमदाबाद भेजने के लिए बड़ेरिया मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल से डुमना एयरपोर्ट तक लगभग 16-17 कि.मी. का ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाकर अंगों को रात्रि 3-50 बजे ले जाया गया तथा प्रात: 4-10 बजे एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया तथा 4-29 बजे एयर एम्बुलेंस टेकऑफ होकर रवाना हुयी.
नरेंद्र कुमार रजक की दोनों किडनियों का प्रत्यारोपण जबलपुर में ही किया जाना है. इनमें से एक किडनी मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल तथा दूसरी नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में प्रत्यारोपित की जाएगी. इसके लिए आवश्यक परिवहन व्यवस्था के तहत मेडिकल कॉलेज से लगभग 8 किमी तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाकर प्रात: 4-28 बजे मैट्रो से रवाना होकर प्रात: 4-48 बजे मेडिकल कालेज अंग को पहुंचाया गया. अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है.
इसे दृष्टिगत रखते हुए जबलपुर पुलिस द्वारा संबंधित मार्गों पर यातायात का समुचित प्रबंधन कर ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई. पुलिस की तत्परता एवं समन्वय से अंगों को निर्धारित गंतव्य तक शीघ्र पहुंचाने में सहयोग मिला. जबलपुर पुलिस अंगदान का निर्णय लेने वाले नरेंद्र कुमार रजक के परिजनों के इस मानवीय एवं प्रेरणादायी कार्य को नमन करती है. साथ ही आम नागरिकों से अपील करती है कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाएं. अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है. मानवता के इस पुनीत कार्य में जबलपुर पुलिस की तत्परता और सहयोग ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत के समय जीवन बचाने के मानवीय प्रयासों में भी सदैव तत्पर है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

