जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सिविक सेंटर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि दी. कांग्रेस नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
आज दोपहर दो बजे कांग्रेस ने सिविक सेंटर चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बढ़ते माफियाराज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है. आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी असुरक्षित हैं. कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन और सरकार से मांग की कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि अपराधियों में कानून का डर बना रहे. नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है. अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
राजनीतिक चश्मा उतारकर कार्रवाई हो
मामले में कांग्रेस के स्थानीय नेता राहुल जायसवाल का नाम सामने आने को लेकर जब पार्टी नेताओं से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राजनीतिक चश्मा उतारकर कार्रवाई होनी चाहिए. अपराधी चाहे किसी भी दल या विचारधारा से जुड़ा हो, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अपराध और अपराधियों का कोई धर्म या राजनीतिक दल नहीं होता. मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए.
कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी-
कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर उग्र आंदोलन करेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

