नई दिल्ली. दिवाली से पहले अमूल ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) की ओर से विपणन किए जाने वाले इन उत्पादों के नए दाम लागू कर दिए गए हैं. त्योहारी सीजन में मिठाइयों और पकवानों की तैयारी के बीच कीमतें बढ़ने से उपभोक्ताओं का रसोई बजट प्रभावित होगा.
एक किलो घी के दाम ₹630 से बढ़कर ₹680 हुए
नई दरों के अनुसार, अमूल के एक किलो घी के पैक की कीमत 50 रुपये बढ़ाकर 680 रुपये कर दी गई है. वहीं, 500 ग्राम प्योर घी का पैक अब 325 रुपये के बजाय 345 रुपये में मिलेगा. मक्खन की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. 100 ग्राम मक्खन का पैक 63 रुपये से बढ़कर 66 रुपये और 500 ग्राम का पैक 310 रुपये से बढ़कर 325 रुपये का हो गया है.
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी अपडेट हुए नए दाम
अमूल के ऑनलाइन बिक्री मंचों पर भी उत्पादों की नई कीमतें दिखाई देने लगी हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अमूल गाय का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये और भैंस का घी 720 रुपये प्रति लीटर की दर से सूचीबद्ध है. वहीं, कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्योर घी के पाउच और कॉम्बो पैक अनुपलब्ध बताए जा रहे हैं.
कई शहरों में घी की आपूर्ति प्रभावित होने का दावा
कीमतों में बढ़ोतरी के बीच घी की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा सहित कुछ शहरों के खुदरा कारोबारियों ने अमूल घी की आपूर्ति में कमी की बात कही है. उनके मुताबिक, वितरकों से मांग के मुकाबले कम माल मिल रहा है. पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर के कुछ बाजारों में भी ऐसी स्थिति सामने आने की जानकारी है.
व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में घी की मांग बढ़ने से उपलब्ध स्टॉक पर दबाव है. हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति में कमी के कारणों को लेकर कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया स्पष्ट होना बाकी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

